बिहार के वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र से गुरुवार को पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक वाहन से भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा बरामद की। बरामद विदेशी मुद्रा की कीमत 40 लाख रुपये बताई गई है। वैशाली के पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस ने आंजनपीर चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रखा था। उसी दौरान एक बुलेरो से 40 लाख (रुपये) की कीमत की विदेशी मुद्रा बरामद की गई। बरामद विदेशी मुद्रा में 12 देशों की मुद्रा शामिल है।
चौधरी ने बताया कि बुलेरो सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। आयकर विभाग और पुलिस अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। दोनों बिहार के सीवान निवासी बताए गए हैं। दोनों पटना जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि चुनाव के मद्देनजर पूरे राज्य में वाहनों की जांच चल रही है। हाजीपुर से भी कुछ दिन पूर्व एक वाहन से तीन लाख रुपये से ज्यादा की राशि बरामद की गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें