भड़काऊ भाषण देने के मामले में फंसे बिहार के पूर्व मंत्री गिरिराज सिंह की गिरफ्तारी के लिए पटना तथा बड़हिया स्थित उनके आवास पर बोकारो पुलिस ने बुधवार रात छापेमारी की, लेकिन वह आवास पर नहीं मिले। हालांकि गिरिराज के गुरुवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की संभावना है। बिहार पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बोकारो के अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी की ओर से बुधवार को एक गैर जमानतीय वारंट जारी होने के बाद बोकारो पुलिस गिरिराज की गिरफ्तारी के लिए लखीसराय के बड़हिया पहुंची और उनके पैतृक आवास पर छापेमारी की।
बड़हिया में गिरिराज के नहीं मिलने के बाद बोकरो पुलिस पटना पहुंची। पटना पुलिस के सहयोग से पटना स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई, लेकिन वह वहां भी नहीं मिले। इससे पहले बुधवार को गिरिराज ने पत्रकारों से बातचीत में गुरुवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के संकेत दिए थे।
उल्लेखनीय है कि गिरिराज पर 18 अप्रैल को झारखंड के बोकरो और देवघर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। इस मामले में बोकारो के हरला और देवघर के मोहनपुर थाना में अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने सिंह की चुनावी सभा और रैलियों पर रोक लगा दी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें