प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र में मतदान किया और कहा कि नरेंद्र मोदी (भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार) के पक्ष में देश में कोई लहर नहीं चल रही है। सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर ने गुवाहाटी के दिसपुर गवर्नमेंट एचएस स्कूल के मतदान केंद्र में वोट दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस हार रही है। हमें चुनाव के नतीजे आने तक इंतजार करना चाहिए, जो 16 मई को सबके सामने होंगे।"
उन्होंने कहा, "मुझे देश में कोई मोदी लहर नहीं दिखाई दे रही है। मोदी लहर सिर्फ और सिर्फ मीडिया की उपज है।" सिंह दंपति हालांकि वोट देने के बाद मतदान केंद्र के पास स्थित सरुमोटोरिया इलाके में अपने किराए के मकान पर रुके बिना ही तुरंत नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सिंह 1991 में असम से राज्य सभा सदस्य चुने गए थे। गुवाहाटी के सरुमोटोरिया इलाके में इनके नाम एक किराये का मकान है।
सिंह दंपति 11.45 बजे के लगभग लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचे और वहां से वायु सेना के हेलीकॉप्टर में खानापाड़ा इलाके वेटेरिनरी कॉलेज पहुंचे। मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और कांग्रेस की राज्य इकाई प्रमुख भुवनेश्वर कलीता ने खानपाड़ा में प्रधानमंत्री का स्वागत किया, जहां से वे मतदान केंद्र के लिए रवाना हुए। सिंह दंपति अपराह्न् 12.25 बजे के आसपास मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें