मोदी ने की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की अगुवाई - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 21 जून 2015

मोदी ने की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की अगुवाई


modi-lead-yoga-on-rajpath
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभारंभ पर राजपथ पर रिकॉर्ड तोड़ 37,000 हजार योगार्थियों के साथ एक योग कार्यक्रम की अगुवाई की। मोदी ने राजपथ पर अपने भाषण में 21 जून को मानव मन को शांति और सौहाद्र्र का प्रशिक्षण देने के युग की शुरुआत बताया। मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभारंभ के प्रतीक एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को लचीला बनाने का कसरत है, बल्कि यह आंतरिक विकास का मार्ग भी है।

राजपथ पर पूरी बांह के ढीले-ढाले सफेद कुर्ते और तिरंगे वाले स्टॉल में योग करते दिखे मोदी ने कहा, "यह शांति और सौहाद्र्र के लिए मानव मन को प्रशिक्षण देने के नए युग का प्रतीक है।" अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आधिकारिक कार्यक्रमों में देशभर से 20 करोड़ से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। योग दिवस पर भारतीय मिशनों और योग केंद्रों द्वारा 192 देशों में भी योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

राजपथ पर योग कार्यक्रम में अमेरिका के राजदूत रिचर्ड वर्मा, नेपाल के राजदूत दीप कुमार उपाध्याय, अफगानिस्तान के राजदूत शैदा मोहम्मद अब्दाली, असंख्य विदेशी राजनयिक और भारत में पढ़ रहे विदेशी विद्यार्थियों ने विभिन्न योग किए। योग कार्यक्रम में उपस्थित नामचीन हस्तियों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली की पूर्व शीर्ष पुलिस अधिकारी किरण बेदी सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

मोदी ने राजपथ पर उमड़े जनसैलाब के बारे में कहा, "क्या किसी ने कभी सोचा था कि राजपथ योगपथ बन सकता है?" मोदी ने रविवार को 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' में दर्ज सभी 35 आसन किए।  राजपथ पर आयोजित डेढ़ घंटे के योग कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के आगमन के साथ करीब 6.45 बजे हुई। यह आठ बजे संपन्न हुआ। इसके कुछ मिनट बाद ही बारिश की फुहारों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को भिगो दिया।

मुस्लिम योगार्थियों ने भी इस कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विवेक विहार स्थित सरकारी स्कूल के छात्र मोहम्मद असीम(11) ने कहा कि उसे योग करके मजा आया। वहीं, अमेरिका के राजनयिक ने कहा कि उन्हें योग सत्र 'बढ़िया' लगा और वह इसमें शामिल होकर खुश हैं। बुर्किना फासो के राजनयिक इदरिस रउआ औएद्राओगो पिछले 27 वर्षो से योगाभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर खुशी हुई।

कोई टिप्पणी नहीं: