पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने धमकी भरे अंदाज में कहा है कि राज्य की जनता की ओर उठने वाली आंखें निकाल ली जाएंगी और हाथ काट दिए जाएंगे। दक्षिण 24-परगना जिले में डायमंड हार्बर से लोकसभा सदस्य अभिषेक ने ये आक्रामक बातें सोमवार को उत्तर 24-परगना जिले में पार्टी की एक रैली के दौरान कही।
पार्टी कार्यकर्ताओं से 21 जुलाई को शहीद दिवस रैली में भारी संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए अभिषेक ने कहा, "जब तक ममता बनर्जी यहां हैं, जो कोई भी बंगाल की जनता को आंखें दिखाएगा, हम उसकी आंखें निकाल लेंगे और उसे सड़क पर फेंक देंगे। यदि कोई हाथ उठता है, हम उसे काट सकते हैं।"
तृणमूल कांग्रेस 21 जुलाई को उन लोगों की याद में शहीद दिवस के रूप में मनाती है, जो वर्ष 1993 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में निकाली गई युवा कांग्रेस रैली पर पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में मारे गए थे। इससे पहले अभिनेता से राजनेता बने तृणमूल सांसद तापस पॉल उस वक्त विवादों में घिर गए थे, जब एक वीडियो में वह मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं और उनकी महिलाओं के खिलाफ धमकीभरी टिप्पणी करते नजर आए थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें