आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में हो रहे किचकिच के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा को अपने साथ आने का निमंत्रण दिया है। राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कहा, "उपेन्द्र के मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में दम है। अगर हिस्सेदारी और अहम की बात है तो राजग छोड़कर राजद में आएं, हम लोग उनका स्वागत करेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि रालोसपा के महागठबंधन (राजद-जदयू) में शामिल होने से यह गठबंधन और मजबूत हो जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान भी राजग में छटपटा रहे हैं। इसके पूर्व राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को कहा था कि उपेन्द्र अच्छा लड़का है। उसमें मुख्यमंत्री बनने की योग्यता है। मुख्यमंत्री बनने के लिए अगर कह रहा है तो इसमें गलत क्या है? उल्लेखनीय है कि रालोसपा की राज्य कार्यसमिति की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर राजग से कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग की है।
इस बीच सोमवार को कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर भाजपा में टकराव है। भाजपा नेता अलग-अलग दावे कर रहे हैं। ऐसे में रालोसपा ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुनकर एक रास्ता दिखाया है। इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा है कि राजग में विवाद देखकर जो लोग खुशी मना रहे हैं, उन्हें जल्द निराशा मिलने वाली है। राजग पूरी तरह एकजुट है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें