बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (04 अगस्त) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 4 अगस्त 2015

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (04 अगस्त)

नगर पंचायत लाँजी के निर्वाचन प्रतीक आवंटन में त्रुटि पर हटाये गये एसडीएम
आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग श्री आर. परशुराम ने नगर परिषद लाँजी जिला बालाघाट के आम निर्वाचन के लिये निर्वाचन प्रतीक चिन्हों के आवंटन में अनुविभागीय अधिकारी और रिटर्निंग ऑफीसर लाँजी द्वारा त्रुटि करने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को दिये हैं। आयोग द्वारा लाँजी के अनुविभागीय अधिकारी और रिटर्निंग ऑफीसर नगर पंचायत लाँजी के पद पर डिप्टी कलेक्टर श्री पियूष भट्ट को पदस्थ करने की अनुशंसा की गयी है।

निर्वाचन कार्यक्रम संशोधित, अब होगा 20 अगस्त को मतदान
नगर पंचायत लाँजी जिला बालाघाट के 8 वार्ड में अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों के त्रुटिपूर्ण आवंटन के कारण वहाँ का निर्वाचन कार्यक्रम संशोधित कर दिया गया है। अब यहाँ मतदान 20 अगस्त को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। पहले यहाँ मतदान 12 अगस्त को होना था। सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री जी.पी. श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि संशोधित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार लाँजी में नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत करने से लेकर अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने तक की प्रक्रिया यथावत रहेगी। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना और निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 8 अगस्त को सुबह 11 बजे से होगा। मतदान 20 अगस्त को और मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 23 अगस्त को होगी।

आंखों में मिर्ची पावडर फेंककर लूटपाट करने वालों पर 30 हजार रु. का ईनाम घोषित
बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री डी.सी. सागर ने 02 अगस्त को विवेकानंद कालोनी बालाघाट निवासी व्यवसायी राकेश कुमार वाधवानी की आंखों में मिर्ची  पावडर फेंककर उससे 3 लाख 72 हजार रु.  लूट कर भागने वाले अज्ञात लूटेरों के बारे में सूचना देने एवं उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने पर 30 हजार रु. का ईनाम घोषित किया है। जो कोई भी व्यक्ति इन अज्ञात लूटेरों के बारे में सूचना देगा उसका नाम गोपनीय रखा जायेगा। 

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी जनता की समस्यायें

balaghat news
प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में आज 04 अगस्त 2015 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया था। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने जिले के दूर-दराज के ग्रामों से अपनी समस्यायें लेकर आये लोगों की बातों को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये है। जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आज अन्य विभागों के अधिकारियों को भी कलेक्टर कक्ष में बैठाया गया था। 

नवम्बर 2014 से प्राचार्य ने वेतन नहीं दिया
जनसुनवाई में भूमेश्वरी ऐड़े शिकायत लेकर आई थी कि कारंजा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य जी.डी. नाईक द्वारा मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित किये जाने के कारण वह बीमार हो गई थी। जिसके कारण उसे अवकाश पर रहकर स्वास्थ्य लाभ लेना पड़ा। स्वस्थ्य होने पर उसके द्वारा 21 नवम्बर 2014 को जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति से विद्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। लेकिन कारंजा के प्राचार्य ने उसके वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इस पर उसके निवेदन पर प्राचार्य ने उसे कार्यमुक्त कर दिया। इसके बाद वह जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश से शा. उत्कृष्ट विद्यालय लांजी में 24 अप्रैल 2015 से अपनी सेवायें दे रही है। लेकिन आज तक प्राचार्य श्री नाईक की हठधर्मिता के कारण उसे वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने मौके पर ही जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे सात दिनों के भीतर भूमेश्वरी को वेतन भुगतान करायें और इसमें विलंब के लिए दोषी व्यक्ति पर कार्यवाही करें। 

बैंक नहीं दे रहा है ऋण
जनसुनवाई में ग्राम मंडई का निवासी चमरूलाल पटले शिकायत लेकर आया था कि उसके द्वारा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त करने के लिए सभी दस्तावेज जिला उद्योग केन्द्र के माध्यम से सेन्ट्रल म.प्र. ग्रामीण बैंक शाखा मलाजखंड में सितम्बर 2014 में जमा करा दिये गये है। इसके बाद भी बैंक द्वारा उसे अब स्वरोजगार के लिए ऋण नहीं दिया जा रहा है। इस शिकायत को सुनने के बाद कलेक्टर ने अग्रणी बैंक के प्रबंधक को सात दिनों के भीतर इस प्रकरण की जांच कर विजय पटले को ऋण दिलाने के निर्देश दिये है। 

अध्यापकों की वरिष्ठता सूची त्रुटिपूर्ण है
जनसुनवाई में किरनापुर विकासखंड की शालाओं के कुछ शिक्षक शिकायत लेकर आये थे कि अध्यापकों की वरिष्ठता सूची त्रुटिपूर्ण तैयार की गई है। अध्यापकों की इस शिकायत को सुनने के बाद कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस समस्या को सात दिनों के भीतर हल करने के निर्देश दिये है। 

9 माह से पेंशन नहीं मिल रही है
जनसुनवाई में लांजी तहसील के ग्राम दिघोरी के निवासी जियालाल व शांतिबाई मंसूरे शिकायत लेकर आये थे कि वे दोनों पति-पत्नि वृध्द हो गये है। उन्हें वृध्दावस्था पेंशन पाने की पूरी पात्रता है। लेकिन पिछले 09 माह से ग्राम पंचायत द्वारा उन्हें पेंशन प्रदाय नहीं की जा रही है। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक सामाजिक न्याय को सात दिनों के भीतर प्रकरण की जांच वस्तुस्थिति प्रस्तुत करने कहा है। 

अतिथि शिक्षक के चयन में गड़बड़ी
जनसुनवाई में ग्राम मऊ-चांगोटोला की निवासी युवती जमुना चंदेश्वर शिकायत लेकर आई थी कि उसके द्वारा माध्यमिक विद्यालय नगरवाड़ा में अतिथि शिक्षक के लिए आवेदन दिया गया था। अतिथि शिक्षक के लिए उसके पास सभी योग्यता होने के बाद भी उससे कम योग्यता वाली प्रतिमा रहांगडाले का भेदभाव करते हुए अतिथि शिक्षक के लिए चयन कर लिया गया है। कलेक्टर ने जमुना की शिकायत सुनने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिनों के भीतर प्रकरण की जांच कर वस्तुस्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिये है। 

ए.डी.एम. कापसे के निरीक्षण में शाला से गायब मिली अध्यापक, कारण बताओ नोटिस जारी
शाला दर्पण मोबाईल एप्प के द्वारा शालाओं की निगरानी व्यवस्था के अंतर्गत अपर कलेक्टर श्री दिलीप कापसे ने 04 अगस्त  2015 को वीरांगना रानी दुगर्वती हायर सेकेंडरी स्कूल बालाघाट का आकस्मिक निरीक्षण किया तो वहां अध्यापक अनिता गौतम शाला से बिना सूचना के अनुपस्थित मिली। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.पी.लाल ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये। अध्यापक श्रीमती गौतम को सात दिनो के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक पक्षीय कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। 

पत्रकारों के लिये स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना
  • स्वास्थ्य बीमा 2 लाख और दुर्घटना बीमा 5 लाख का होगा

राज्य शासन द्वारा पत्रकारों के लिये मध्यप्रदेश संचार प्रतिनिधि स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना मंजूर की गयी है। योजना में संचार प्रतिनिधि का व्यक्तिगत स्वास्थ्य बीमा 2 लाख और दुर्घटना बीमा 5 लाख  पये का होगा। योजना में 21 से 70 वर्ष आयु के संचार प्रतिनिधि पात्र होंगे। बीमा कम्पनी के चिन्हित अस्पतालों में 2 लाख रु. तक की चिकित्सा की केशलेस व्यवस्था होगी। इसके लिये पत्रकारों को एक कार्ड दिया जायेगा। अन्य अस्पतालों में इलाज पर प्रतिपूर्ति की व्यवस्था रहेगी। बीमा योजना में संचार प्रतिनिधि के रूप में किसी भी अशासकीय समाचार एजेंसी, टेलीविजन चेनल, नेट मीडिया, समाचार पोर्टल आदि का प्रतिनिधित्व करने वाला पत्रकार, संवाददाता, फोटोग्राफर और केमरामेन शामिल होंगे। मध्यप्रदेश में निवास करने वाले तथा मध्यप्रदेश में ही कार्य करने वाले संचार प्रतिनिधि योजना में शामिल होंगे। बीमा यूनाइटेड इण्डिया इंश्योरेंस कम्पनी से करवाया जायेगा। बीमा की अवधि एक वर्ष की होगी। एक वर्ष के बाद पुन: बीमा करवाना होगा। पत्रकार इंश्योरेंस कम्पनी की वेबसाइट www.mdindiaonline.com/mpgovt/Home.aspx अथवा जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट www.mpinfo.org से आवेदन-पत्र डाउनलोड कर इसे भरने के बाद यूनाइटेड इण्डिया इंश्योरेंस कम्पनी डिवीजनल ऑफिस-!! 153, गु  आर्केड, फर्स्ट फ्लोर, जोन-1, एम.पी. नगर, भोपाल, फोन नं. 0755-2555338, 9425015735 अथवा जनसंपर्क संचालनालय की अधिमान्यता शाखा में जमा कर सकते हैं। आवेदन आगामी 10 अगस्त तक दिये जा सकते हैं।

बीमा की किश्त
साठ वर्ष तक की आयु के पत्रकारों के लिये निर्धारित वार्षिक प्रीमियम का 75 प्रतिशत और 61 से 70 वर्ष आयु के पत्रकारों के लिये 85 प्रतिशत अंशदान जनसंपर्क संचालनालय द्वारा दिया जायेगा। शेष राशि संबंधित संचार प्रतिनिधि द्वारा जमा की जायेगी। शेष राशि 25 अथवा 15 प्रतिशत संचार प्रतिनिधि द्वारा बीमा कम्पनी द्वारा निर्धारित कार्यालय में जमा करवाने के बाद ही अंशदान की राशि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा जमा करवायी जायेगी। पति-पत्नी अथवा बच्चों को अतिरिक्त 10 प्रतिशत निर्धारित प्रीमियम देने पर बीमा योजना में शामिल किया जा सकता है। बीमित प्रतिनिधि को नामिनी भी घोषित करना होगा। दुर्घटना की स्थिति पर 7 दिवस के अंदर बीमा कम्पनी के जिला कार्यालय को सूचित करना जरूरी होगा। प्रीमियम राशि का ड्राफ्ट यूनाइटेड इण्डिया इंश्योरेंश कम्पनी लिमिटेड के नाम से बनेगा।

पात्रता
जनसंपर्क संचालनालय द्वारा अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार इसके पात्र होंगे। योजना में शामिल होने के लिये गैर-अधिमान्य श्रमजीवी पत्रकारों को पी.एफ. फण्ड अथवा टेक्स कटौती का फार्म नम्बर-16 देना जरूरी होगा। बीमा योजना का सदस्य बनने के लिये कार्यवाही प्रत्येक वर्ष में केवल एक बार निर्धारित अवधि में की जायेगी। योजना में कोई एजेंट नहीं होगा। योजना सीधे बीमा कार्यालय से क्रियान्वित होगी। इसमें बीमा तिथि से पहले की सभी बीमारी कवर होंगी।

जाम में गोदाम एवं बहुउद्देशीय केन्द्र निर्माण के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया प्रारंभ, ददिया एवं बहेगांव में बनेगा गोदाम
लालबर्रा तहसील के ग्राम जाम में सेवा सहकारी समिति के लिए गोदाम निर्माण किया जाना है। इसी प्रकार इस ग्राम में बहुउद्देशीय केन्द्र का भवन भी बनाया जाना है। इन दोनों भवनो के निर्माण के लिए तहसील कार्यालय द्वारा भूमि आबंटन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एकीकृत सहकारी विकास परियोजना के अंतर्गत गोदाम निर्माण के लिए खसरा नं. 638/1 में से 0.405 हेक्टेयर भूमि आबंटित की जाना है। इसी प्रकार बहुउद्देशीय भवन के लिए खसरा नं. 638/1 में से 0.607 हेक्टेयर भूमि आबंटित की जाना है। इन दोनों भवनों के लिए प्रस्तावित इस भूमि पर यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो तो वे अपने दावे आपत्ति आगामी 07 अगस्त 2015 तक कार्यालयीन समय में तहसील कार्यालय लालबर्रा में प्रस्तुत कर सकते है। एकीकृत सहकारी विकास परियोजना के अंतर्गत लालबर्रा तहसील के ग्राम बहेगांव में गोदाम निर्माण के लिए खसरा नं. 151 में से 0.660 हेक्टेयर भूमि आबंटित की जाना है। इसी प्रकार ददिया में गोदाम निर्माण के लिए खसरा नं. 380 में से 0.360 हेक्टेयर भूमि आबंटित की जाना है। इन दोनों ग्रामों में गोदाम निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि पर यदि किसी व्यक्ति को आपत्ति हो तो वे अपने दावे आपत्ति आगामी 10 अगस्त तक न्यायालयीन समय में तहसीलदार न्यायालय लालबर्रा में प्रस्तु कर सकते है। 

जिले में 535 मि.मी. वर्षा रिकार्ड
लंबे इंतजार के बाद मानसूनी बादलों ने करवट बदली और बालाघाट जिले में 03 अगस्त से वर्षा का नया दौर प्रारंभ हो गया है। वर्षा होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। खेतों में पानी जमा होने से किसान धान का रोपा लगाने लगे है। जिले में चालू वर्षा सत्र के दौरान एक जून से 04 अगस्त 2015 तक 535 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 615 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। इस प्रकार जिले में गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 80 मि.मी. कम वर्षा हुई है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। 04 अगस्त को प्रात: समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान बैहर तहसील में 160 मि.मी., बालाघाट तहसील में 146 मि.मी., कटंगी तहसील में 105 मि.मी., वारासिवनी तहसील में 60 मि.मी. एवं लांजी तहसील में 25 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। इस प्रकार चालू वर्षा सत्र में अब तक सबसे अधिक 748 मि.मी. वर्षा बैहर तहसील में तथा सबसे कम 279 मि.मी. वर्षा वारासिवनी तहसील में रिकार्ड की गई है। चालू वर्ष में कटंगी तहसील में 615 मि.मी., बालाघाट में 684 मि.मी. एवं लांजी तहसील में 351 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में बालाघाट तहसील में 725 मि.मी., वारासिवनी में 518 मि.मी., बैहर में 681 मि.मी., लांजी में 559 मि.मी. एवं कटंगी तहसील में 592 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। 

कृषि मंत्री श्री बिसेन का 5 अगस्त को बालाघाट आगमन
म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन का 5 अगस्त को बालाघाट आगमन हो रहा है। श्री बिसेन 5 अगस्त को प्रात: 6 बजे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से गोंदिया पहुंचेंगें तथा वहां से प्रात: 8 बजे बालाघाट पहुंचेंगें। श्री बिसेन बालाघाट में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगें। 

कोई टिप्पणी नहीं: