होटल प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त करते ही युवको को रोजगार देने के लिए कई होटल आये सामने
सीधी 04 अगस्त 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले के निर्देश पर जिले के बेरोजगार युवको को रोजगार देने के लिए मुख्यालय मे ही भारतीय होटल प्रबंधन संस्थान द्वारा 200 युवको को फूड एवं बेवरेज कोर्स का और हाउस कीपिंग का 40 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पहले ही इन युवको को रोजगार देने के लिए कई होटल सामने आये हैं और साक्षात्कार के माध्यम से इन युवको को रोजगार देने के लिए चयन किया है। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि रोजगार दिलाने के लिए 19 युवको को भोपाल के जहन्नुमा पैलेस होटल भेजा गया था। होटल के प्रबंधको द्वारा 5 युवको को रोजगार देने के लिए चयन किया गया है। बारविक नेशन होटल द्वारा स्काइप के माध्यम से युवको का साक्षात्कार लिया गया और 30 युवको को रोजगार देने के लिए चयन किया गया। इसी प्रकार अमेर पैलेस होटल द्वारा स्काइप के माध्यम से साक्षात्कार लेकर 20 युवको का रोजगार देने के लिए चयन किया गया है। आर.के.रेजीडेन्सी द्वारा 8 युवको को रोजगार देने के लिए चयन किया गया है। इसी प्रकार सायाजी ग्रुप इन्दौर होटल के आदित्य जोशी सहायक एच.आर. ने सीधी मे आकर 43 युवको का रोजगार के लिए चयन किया है। इसी प्रकार एम.पी.टूरिज्म के प्रबंधक ने युवको के चयन के लिए सूची मगाई है। उनके द्वारा शेष सभी युवको का रोजगार देने के लिए चयन किया जायेगा। इस प्रकार से होटल प्रबंधन संस्थान द्वारा जिन 200 युवको को होटल प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया उनमे से प्रशिक्षण पूर्ण होने पूर्व ही अधिकांश युवको को रोजगार मिल गया है। अब होटल संस्थान द्वारा इन युवको को आफर लेटर देने की तैयारी की जा रही है।
बेरोजगार युवको को होटल प्रबंधन में आज से प्रशिक्षण प्रारम्भ किया जायेगा
सीधी 04 अगस्त 2015 जिले के बेरोजगार युवको को रोजगार देने के लिए कलेक्टर विशेष गढ़पाले के निर्देश पर भारतीय होटल प्रबंधन संस्थान द्वारा आज 05 अगस्त से हाउस कीपिंग एवं फूड और बेवरेज कोर्स का प्रशिक्षण देने के लिए नया बैच प्रारम्भ किया जायेगा। प्रशिक्षण के लिए 200 युवक-युवतियो का चयन किया गया है। इन्हे हाउस कीपिंग एवं फूड एवं बेवरेज कोर्स का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान इन युवको को 1500 रूपये मानदेय भी दिया जायेगा। प्रशिक्षण 40 दिवस का रहेगा। कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने बताया कि इन युवको के रूकने और खाने की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
तेदुआ भू-अर्जन शिविर में 209 आवेदन प्राप्त हुए 124 का किया गया निराकरण
सीधी 04 अगस्त 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले के निर्देश पर तहसील स्तर में ग्रामीणो के भू-अर्जन और मुआवजा वितरण की कठिनाईयों के निराकरण के लिए राजस्व अधिकारियो द्वारा भू-अर्जन शिविर आयेाजित किया जा रहा है। गोपद बनास तहसील मे आयोजित भू-अर्जन एवं मुआवजा शिविर में 209 आवेदन प्राप्त हुए इनमे से 124 आवेदनो का निराकरण स्थल पर ही किया गया। शेष 85 आवेदनों का निराकरण शीघ्र किया जायेगा। भू-अर्जन शिविर में एस.डी.एम. शैलेन्द्र सिंह, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, महान परियोजना के कार्यपालन यंत्री सहित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि भू-अर्जन शिविर में महान नहर में अधिग्रहित की गई भूमि के और सडक निर्माण के लिए की गई अधिग्रहित भूमि के मुआवजा सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। अतः उपरोक्त शिविरों मंे अधिक से अधिक ग्रामीण उपस्थित हो कर अपनी समस्याओ का निराकरण करवायें। उन्होने बताया कि जनपद पंचायत सिहावल में 5 अगस्त को और जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में 8 अगस्त को भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा शिविर का आयोजन किया जायेगा। उपरोक्त शिविर में समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार,नायब तहसीलदार, एवं राजस्व निरीक्षक और पटवारी सहित उपस्थित रहकर शिकायतो का निराकरण करेगें। अधिक से अधिक प्रकरण निपटाने के लिए महान नहर,राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दियें गये है कि वें अपने स्तर से जानकारी एवं शिकायत आवेदन पत्र के साथ उपस्थित रहें।
जन सुनवाई में 195 आवेदन प्राप्त हुए आवेदको को दी गई दवाईयां
सीधी 04 अगस्त 2015 ग्रामीणो की समस्याओ का निराकरण करने के लिए कलेक्टर विशेष गढ़पाले की अध्यक्षता में आयोजित जन सुनवाई में आज 195 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदको को आवेदन की पावती दी गई। प्राप्त ओवदनो को निराकरण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों के पास प्रेषित कर दिया गया। आज हुई जन सुनवाई की विशेषता यह रही की दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रो से आये ग्रामीणो से आवेदन प्राप्त करने के पश्चात उन्हे दवाईयां वितरित की गई। अब कलेक्टर श्री गढ़पाले के निर्देश पर प्रत्येक जन सुनवाई में बीमार आवेदको को दवाई वितरित करने की व्यवस्था की गई है। इतना ही नही जन सुनवाई में उपस्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आर.के.दीक्षित बीमारों का परीक्षण कर दवाई वितरित करते हैं।
समाधान आन लाइन में मुख्य सचिव ने ग्राम पंचायत खोरी के सरपंच सचिव द्वारा शौचालय निर्माण में अनियमितता बरतने पर एफ.आई.आर. दर्ज कराने के दिये निर्देश
सीधी 04 अगस्त 2015 समाधान आन लाइन कार्यक्रम में आज वीडियो कान्फ्रेसिंग मुख्य सचिव एन्टोनी डिसा द्वारा की गयी। सीधी जिले के बहरी तहसील के ग्राम खोरी के पुष्पेन्द्र सिंह द्वारा शिकायत की गई थी कि ग्राम खोरी के सरपंच और सचिव द्वारा शौचालय निर्माण में भारी अनियमितता की गई है। जिसमे अप्रैल 2012 से दिसम्बर 2012 तक स्वीकृत 294 शौचालय मे से 140 शौचालय अधुरे एवं अपूर्ण पाये हैं। और शौचालय निर्माण की राशि सरपंच एवं सचिव ने मिलकर आहरित कर ली गई है। इस अनियमितता के लिए बताया गया कि सरपंच एवं सचिव से आहरित की गई राशि वसूल की जा रही है। इस पर मुख्य सचिव ने तत्कालीन सरपंच रामधनी कोल एवं तत्कालीन कौशलेन्द्र द्विवेदी के विरूद्ध एफ.आई.आर दर्ज कराने के निर्देश दियें हैं। समाधान आन लाइन कार्यक्रम में कलेक्टर विशेष गढ़पाले, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रूचिका जैन जिन्दल, जिला पंचायत के प्रभारी सी.ई.ओ. डाॅ. एम.पी. पटेल सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
अनियमितता बरतने पर शासकीय उचित मूल्य दुकान मधुरी निलम्बित
सीधी 04 अगस्त 2015 जिला आपूर्ति अधिकारी महेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी दल प्रताप सिंह पैगाम द्वारा विगत दिवस प्राथमिक उपभोक्ता भण्डार मधुरी (वार्ड क्रमांक-7,11) की जाॅच की गई जाॅच में बिक्री प्रबंधक पुष्पराज गुप्ता द्वारा खाद्यान्न वितरण मे गम्भीर अनियमितता की गई है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के प्रतिवदेन पर बिक्री प्रबंधक पुष्पराज गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा कर जबाब प्राप्त किया गया। श्री गुप्ता द्वारा प्रस्तुत जबाब का परीक्षण करने पर जबाब समाधान कारक प्रतीत नही पाया गया। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री त्रिपाठी ने बताया कि इस पर पुष्पराज गुप्ता बिक्री प्रबंधक प्राथमिक उपभोक्ता महिला भण्डार मधुरी को खाद्यान्न वितरण की अनियमितता के कारण शासकीय उचित मूल्य की दुकान तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दी गई है। तथा वार्ड क्र.7 एवं11 के उपभोक्ताओ को खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करने हेतु नजदीकी शासकीय उचित मूल्य की दुकान प्राथमिक उपभोक्ता भण्डार गोपालदास मन्दिर मुहल्ला सीधी (वार्ड क्रमांक 10,12, एवं 13 से) सम्बद्ध किया गया है।
मडवास के नायब तहसीलदार श्री पटेल भारमुक्त
सीधी 04 अगस्त 2015 कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने उप तहसील मडवास के नायब तहसीलदार बी.के.पटेल को तत्काल प्रभाव से स्थानान्तरित स्थान सतना के लिए भारमुक्त कर दिया है। उन्हे अपना सम्पूर्ण प्रभार सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, प्रभारी नायब तहसीलदार मझौली सुबेन्द्र सिंह को सौपने के निर्देश दिये गयें हैं।
मझौली के तहसीलदार श्री पाण्डेय भिण्ड के लिए भारमुक्त किये गये
सीधी 04 अगस्त 2015 कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने मझौली तहसील के तहसीलदार डी.के.पाण्डेय को नवीन पदस्थापना स्थान भिण्ड के लिए भारमुक्त कर दिया है। गोपद बनास के तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव को अपने कार्य के साथ-साथ मझौली, कुसमी, के आहरण एवं संवितरण का कार्य सम्पादित करने के लिए निर्देशित किया गया है। तहसीलदार श्री पाण्डेय अपना सम्पूर्ण प्रभार सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख सुबेन्द्र ंिसंह को सौपेंगे।
आज 352.1 मिली मीटर औसत वारिश हुई
सीधी 04 अगस्त 2015 दिनंाक 1 जून से 04 अगस्त तक सीधी जिले में 352.1 मिली मीटर औसत वारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक वारिश गोपद बनास में 429.4 मि.ली.मीटर हुई, और सबसे कम चुरहट में 283.2 मि.ली.मीटर वारिश दर्ज की गई। सिहावल में 378.6 मि.ली. मीटर, मझौली में 378.0 मि.ली. मीटर वारिश रिकार्ड की गई। कुसमी में 339.0 मि.ली मीटर और रामपुर नैकिन में 304.2 मि.ली. मीटर औसत वारिश दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 1 जून 2014 से 04 अगस्त 2015 तक केवल 349.2 मि.ली.मीटर वारिश ही दर्ज की गई थी जबकि जिले की औसत वारिश 1248.3 मि.ली. मीटर है।
रेत खदानो की नीलामी के लिए 06 अगस्त को बैठक आयोजित होगी
सीधी 04 अगस्त 2015 सहायक खनिज आधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रेत खदानो की होने वाली आन लाइन नीलामी 14 अगस्त के सम्बन्ध में 06 अगस्त को अपरान्ह 12 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। सहायक खनिज अधिकारी ने उपरोक्त बैठक में रेत खदानो की नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक ठेकेदार एवं अन्य विभाग जो शासकीय निर्माण कार्यो की एजेन्सी हैं उन्हे उपस्थित होने का आग्रह किया है।
तीन लाख रूपये की सहायता राशि स्वीकृत
सीधी 04 अगस्त 2015 मझौली के उपखण्ड अधिकारी मनोज मालवीय ने प्राकृतिक आपदा से मृत्यु होने पर तीन पीडितो के निकटतम परिजनों को तीन लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रभारी उपखण्ड अधिकारी श्री मालवीय ने बताया कि मझौली तहसील के ग्राम खमचैरा के जागेश्वर यादव की मृत्यु प्राकृतिक आपदा से हो जाने पर उसके पुत्र भगवानदीन यादव को 1 लाख रूपये की राहत राशि स्वीकृत की गई है। दादर ग्राम के आलोक कुमार साहू की मृत्यु कुए में डूबने के कारण हो जाने पर उसके पिता भीमसेन साहू को 1 लाख रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। इसी प्रकार नारो ग्राम के दीपू कुशवाहा की कुए मे गिर जाने से मृत्यु होने पर उसके निकटतम वारिश पिता श्यामसुन्दर को 1 लाख रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
मानसिक रूप से अविकसित चार हितग्राहियो को आर्थिक सहायता स्वीकृत
सीधी 04 अगस्त 2015 सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण के उप संचालक संतोष शुक्ला ने बताया कि मानसिक रूप से अविकसित एवं बहु विकलांग निःशक्तजनों को 500 रूपये प्रति माह की दर से आर्थिक सहायता माह अगस्त से स्वीकृत की गई है। इसमे तीन निःशक्तजन जनपद पंचायत सीधी के और एक निःशक्तजन नगरपालिका परिषद सीधी का है। उपसंचालक श्री शुक्ल ने बताया कि इन्द्रप्रस्थ नगर के लालजी पटेल, ग्राम पंचायत लहिया की चन्द्रवती पटेल, पटौहा के रमेश कुमार उपाध्याय और ग्राम पंचायत हिनौती नं.1 के दीनमोहम्मद को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
भूतपूर्व सैनिक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाएं
सीधी 04 अगस्त 2015 जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ले.कर्नल (सेवा निवृत्त) पी गंगा ने कहा है कि एैसे भूतपूर्व सैनिक एवं विधवाओ को सूचित किया जाता है कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र का कार्य जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में हो रहा है। जिन भूतपूर्व सैनिक एवं विधवाओं का डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र नही बना है। वें यथा शीघ्र आधार कार्ड,बैक पासबुक, एवं पी.पी.ओ. की छाया प्रति मोबाइल के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवालें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें