पटना,18 नवम्बर, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के असंतुष्ट सांसद एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने आज पार्टी नेतृत्व को चुनौती देने वाले लहजे में कहा कि किसी में ऐसी हिम्मत नहीं है कि उन्हें फटकार भी लगा सके ।श्री सिन्हा ने इसके साथ ही फिर कहा कि हाल ही में सम्पन्न बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की शर्मनाक हार के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। श्री सिन्हा ने ट्वीट किया,“ सामूहिक जिम्मेदारी का छद्म आवरण स्वीकार्य नहीं है और सुधारात्मक कार्रवाई के लिए जवाबदेही निर्धारित किया जाना बहुत जरुरी है ।” भाजपा सांसद ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे पार्टी नेताओं की स्पष्ट तौर पर निंदा करते हुए कहा,“ शर्मनाक पराजय के लिए जो लोग जिम्मेदार हैं उन्हें जवाब देना चाहिए कि यह सब कुछ क्या,क्यों,कहां और कैसे हो गया।” श्री सिन्हा ने भाजपा नेतृत्व को एक तरह से चुनौती देते हुए कहा ,“ मैं और पूर्व गृह सचिव आर के सिंह बिहारी शेर हैं और जो कुछ भी कहा वह सही था। किसी में भी हिम्मत(या डीएनए) नहीं है कि हमें फटकार भी सके।” माना जा रहा है कि भाजपा सांसद ने डीएनए शब्द का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का डीएनए खराब होने संबंधी बयान के संदर्भ में किया ।
श्री सिन्हा ने कहा,“कार्रवाई की बात करना गीदड़ भभकी है।समय आ गया है कि पार्टी के नेता इस हार के बाद समझदारी से काम लें, क्षमा मांगे जाने के साथ ऐसे कदम उठायें जिससे पार्टी के शीर्ष नेताओं को संतुष्टि हो सके ।” शाटगन के नाम से भी पुकारे जाने वाले श्री सिन्हा ने कहा,‘‘कुछ स्वार्थी तत्व अभी भी सुधरे नहीं हैं।कोई सबक लेने को तैयार नहीं हैं।कुछ लोग गलत सूचनाओं के जरिए गलतफहमी पैदा कर रहे हैं। ” गौरतलब है कि हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने श्री सिन्हा को नजरअंदाज करते हुए उन्हें प्रचार से अलग रखा था ।हालांकि उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल था।हाशिये पर रखे जाने से नाराज श्री सिन्हा भाजपा की करारी पराजय के बाद से ही पार्टी नेताओं पर लगातार हमले कर शर्मनाक हार की जिम्मेदारी तय किये जाने की मांग कर रहे हैं ।वह हार के लिए सामूहिक असफलता की आड़ लेकर किसी के बच निकलने का लगातार विरोध कर रहे हैं । श्री सिन्हा ने चुनाव में महागठबंधन को मिली प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को बधाई दी थी।उन्होंने कहा था कि श्री कुमार और श्री यादव बिहार के मंझे हुए नेता हैं और उनका व्यापक जनाधार है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें