शाह आलम, 08 अप्रैल, तीसरी सीड भारतीय स्टार सायना नेहवाल ने पहला गेम हारने के बाद जबर्दस्त वापसी करते हुये थाईलैंड की पोर्नटिप बुरानप्रासर्तसुक को शुक्रवार को 19-21,21-14,21-14 से हराकर मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया लेकिन पीवी सिंधू निराशाजनक प्रदर्शन करते हुये बाहर हो गयी। विश्व में आठवें नंबर की खिलाड़ी सायना ने यह मुकाबला कड़े संघर्ष में 58 मिनट में जीता। सायना का अब सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की तेई जू यिंग के साथ मुकाबला होगा। सायना का नौंवें नंबर की यिंग के खिलाफ 5-7 का करियर रिकॉर्ड है। सायना तो सेमीफाइनल में पहुंच गयी लेकिन विश्व की दसवें नंबर की खिलाड़ी सिंधू का सफर क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया। चौथी सीड थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन ने सिंधू को एकतरफा अंदाज में मात्र 29 मिनट में 21-7,21-8 से पीटकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। सिंधू की इंतानोन के खिलाफ पांच करियर मुकाबलों में यह चौथी पराजय है।
सायना ने इस जीत के साथ 22वीं रैंकिंग की थाई खिलाड़ी के खिलाफ अपना रिकार्ड 8-1 कर लिया है। थाई खिलाड़ी ने पहले गेम में भारतीय स्टार को अपने शानदार प्रदर्शन से चौंकाया। बुरानप्रासर्तसुक ने इस गेम में 14-9 और 17-14 की बढ़त बनायी। सायना ने 17-17 से बराबरी की। लेकिन बुरानप्रासर्तसुक ने यह गेम 21-19 से जीत लिया। दूसरे गेम में सायना ने शुरुअात से ही बेहतर प्रदर्शन किया और लगातार बढ़त बनाये रखते हुये यह गेम 21-14 से जीत लिया। निर्णायक गेम में सायना ने 5-1 की बढ़त बनाने के बाद फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। बुरानप्रासर्तसुक ने हालांकि एक समय स्कोर 10-11 कर दिया लेकिन सायना ने लगातार पांच अंक लेकर 16-10 की बढ़त बनायी और 21-14 से यह गेम जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। सायना के सामने अब सेमीफाइनल में ताइपे की यिंग की चुनौती होगी जिनके खिलाफ भारतीय खिलाड़ी ने अपने पिछले पांच मुकाबले गंवाएं हैं। यिंग ने क्वार्टरफाइनल में पांचवीं सीड चीन की वांग शिजियान को 37 मिनट में 21-14,21-14 से हराया। यिंग ने इस साल ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में सायना को लगातार गेमों में हराया था। सायना को इस साल सेमीफाइनल में हारने का गतिरोध भी तोड़ना है। सायना मार्च में अॉल इंग्लैंड में और हाल में इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में हारी थीं।
इस बीच एक बड़े उलटफेर में छठी सीड चीन की वांग यिहान ने टॉप सीड स्पेन की कैरोलिना मारिन को 37 मिनट में 21-13,21-15 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली जहां उनका मुकाबला इंतानोन से होगा। पुरुष वर्ग में चौथी सीड चीन के लिन डैन भी बाहर हो गये हैं। लिन डैन को पांचवीं सीड डेनमार्क के जान ओ जोर्गेनसन ने 32 मिनट में 21-17,21-4 से हरा दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें