मुंबई,08 अप्रैल, बॉम्बे हाईकोर्ट से आईपीएल नौ के उद्घाटन मैच की हरी झंडी मिलने के एक दिन बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस का कहना है कि क्रिकेट मैदानों की मरम्मत के लिये उनके पास पानी नहीं है और अगर आईपीएल मैचों को शिफ्ट कराया जाता है तो उन्हें कोई एतराज नहीं होगा। दरअसल कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा था कि मैचों के लिए जो पानी दिया जा रहा है वो पीने योग्य है या नहीं। फडनवीस ने शुक्रवार को कहा,“इस वर्ष आईपीएल मैचों के लिये हमारे पास पीने योग्य पानी नहीं है और यदि मैचों को शिफ्ट कराया जाता है तो हमें इससे कोई समस्या नहीं है।” मुख्यमंत्री का बयान बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा आईपीएल नौ के उद्घाटन मैच पर रोक लगाने से इन्कार करने के एक दिन बाद आया है।
इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीअाई) के सचिव अनुराग ठाकुर की सूखे की मार झेल रहे महाराष्ट्र में आईपीएल मैचों में पानी के इस्तेमाल को लेकर मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने की संभावना है। बैठक में मैच को शिफ्ट करने या ना करने के अलावा बीसीसीआई पिचों के रखरखाव के लिए पानी खरीद सकता है या नहीं इस बात पर विचार विमर्श किया जाएगा। सूत्रों ने कहा कि ठाकुर इन दोनों फ्रेंचाइजी के मालिकों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है और बोर्ड को तैयार रहने और आपात योजना तैयार रखने की जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें