नवादा 16 अप्रैल, बिहार में नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के रामदासी गांव से पुलिस ने आज तड़के प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के दो महिला नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। नवादा के अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल ) रविभूषण ने यहां बताया कि गया जिले के अतरी थाना के मोहड़ा गांव में नरेश प्रसाद के घर को डायनामाइट से उड़ाने के आरोप में मोहड़ा गांव निवासी ओमप्रकाश यादव की पत्नी नीतु कुमारी और कुलदीप यादव की पत्नी कमला देवी को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व नरेश यादव ने संबंधित थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी थी जिसमें कहा गया था कि 03 मार्च 2016 को जब वह किसी काम के सिलसिले में पटना गया था तभी उस रात ग्रामीण भोला यादव ने घर खुलवाया और नक्सलियों के साथ घर में प्रवेश कर गया। इसके बाद परिवार के सदस्यों को बाहर निकालकर घर को डायनामाइट से उड़ा दिया था।
श्री रविभूषण ने बताया कि यह गिरफ्तारी गया पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर की है। गिरफ्तार किये गये नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के क्रम में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें