अजलान शाह कप हॉकी : भारत को रजत, आस्ट्रेलिया बना चैंपियन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 16 अप्रैल 2016

अजलान शाह कप हॉकी : भारत को रजत, आस्ट्रेलिया बना चैंपियन

india-settle-for-silver-at-sultan-azlan-shah-cup-australia-become-champion
इपोह, 16 अप्रैल, विश्व चैंपियन और दुनिया की नंबर एक टीम आस्ट्रेलिया ने भारत पर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुये शनिवार को 4-0 की शानदार जीत हासिल कर सुलतान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के सिल्वर जुबली संस्करण का खिताब जीत लिया। भारत काे फाइनल में हारने से रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत के लिये राहत की बात यही रही कि गत वर्ष उसने कांस्य पदक जीता था और इस बार उसका सफर रजत पदक तक पहुंच गया। भारत ने पहले हाफ तक सराहनीय संघर्ष किया और विश्व चैंपियन टीम को एक गोल तक ही रोके रखा लेकिन दूसरे हाफ में आस्ट्रेलियाई टीम ने तीन गोल दागकर भारत की उम्मीदों को तोड़ दिया। आस्ट्रेलिया ने लीग मैच में भी भारत को 5-1 से हराया था और अब फाइनल में उसने भारतीय टीम को 4-0 से धो डाला। आस्ट्रेलिया ने इस तरह नौवीं बार इस खिताब पर कब्जा किया। आस्ट्रेलिया ने 1983, 1996, 2004, 2005, 2007, 2011, 2013, 2014 और 2016 में यह खिताब जीता। पांच बार यहां चैंपियन रही भारत को दूसरी बार रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इससे पहले भारत 2008 में दूसरे स्थान पर रहा था। 

भारत ने खिताबी मुकाबले में आस्ट्रेलिया से पार पाने की भरपूर कोशिश की लेकिन उसका पेनल्टी कार्नर कन्वर्जन और फिनिशिंग दोनों ही खराब रहे। भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाया। आस्ट्रेलिया ने भी अपने तीनों पेनल्टी कार्नर बेकार किये लेकिन उसके खिलाड़ियों ने चार मैदानी गोल दागे।  थोमस क्रेग ने 25वें मिनट में आस्ट्रेलिया को बढ़त दिलायी और फिर 35वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। मैट गोड्स ने 43वें मिनट में स्कोर 3-0 किया और फिर 57वें मिनट में स्कोर 4-0 पहुंचा दिया। अंतिम हूटर बजने पर भारतीय खिलाड़ी कुछ निराश नज़र आये। उनके पास खुद को साबित करने का एक अच्छा मौका था लेकन जब टीम कई अच्छे मौके बर्बाद करे तो उसके लिये विश्व चैंपियन के खिलाफ जीतना असंभव कहा जायेगा। 

विश्व चैंपियन और मौजूदा एशियाई चैंपियन के मुकाबले को देखने के लिये स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। भारी संख्या में भारतीय समर्थक इस मैच को देखने के लिये मौजूद थे। हर तरफ से भारत-भारत-भारत की आवाजें आ रही थीं।  फाइनल शुरू होने से पहले भारत के लिये एक अच्छी खबर थी कि आस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी जैमी ड्वेयर चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गये थे लेकिन इस अच्छी खबर का भारतीय टीम कोई फायदा नहीं उठा पायी। पहला क्वार्टर बेहद संघर्षपूर्ण रहा और इस क्वार्टर में भारतीय रक्षा पंक्ति ने आस्ट्रेलिया को कोई गोल नहीं करने दिया। दूसरे क्वार्टर में भी मुकाबला संघर्षपूर्ण चल रहा था कि थाेमस क्रेग ने 25वें मिनट में गतिरोध तोड़ते हुये गोल दाग दिया। भारत ने पहले हाफ तक स्कोर एक गोल तक सीमित रखा लेकिन दूसरा हाफ शुरू होते ही भारत को एक पेनल्टी कार्नर मिला। एसवी सुनील का पुश क्रिस सिरिएलो के पैर से टकरा गया लेकिन भारत इसका फायदा नहीं उठा पाया। मैच के 35वें मिनट में थाेमस क्रेग ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। भारतीय खिलाड़ी काफी भागदौड़ कर रहे थे लेकिन इसका ज्यादा फायदा नहीं मिला। कप्तान सरदार सिंह और मनप्रीत सिंह खेल के स्तर को ऊंचा नहीं उठा पाये जबकि रुपिंदर पाल सिंह और मनदीप सिंह डिफेंस में लड़खड़ाते रहे। 

भारत के चिंगलेनसाना सिंह के लिये यह 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच था लेकिन वह इसको यादगार नहीं बना सके। भारतकी वापसी की कोशिशों के बीच मैट गोड्स ने 43वें मिनट में टीम का तीसरा गोल कर दिया। भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन रुपिंदर इसका फायदा उठाने मेें नाकाम रहे। तीसरे क्वार्टर तक आस्ट्रेलिया के पक्ष में 3-0 का स्कोर हो चुका था। आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों ने अपने अपने गोलकीपरों को बदला। भारत के लिये हरजोत सिंह गोल का रक्षण संभालने उतरे लेकिन अास्ट्रेलिया का चौथा गोल भारतीय गोलकीपर की गलती से हुआ। मैच के 57वें मिनट में मैट गोड्स का शॉट गोलकीपर के पैरों के बीच से होता हुआ गोल में समा गया। अंतिम स्कोर आस्ट्रेलिया के पक्ष में 4-0 रहा। मैच के अंतिम क्षणों में बारिश शुरू हो गयी थी और मैच समाप्ति के बाद बारिश तेज हो जाने के कारण पुरस्कार वितरण समारोह स्टैंड में कराना पड़ा। इससे पहले न्यूजीलैंड ने मेजबान मलेशिया को निर्धारित समय तक मुकाबला 3-3 से बराबर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से जीत हासिल कर तीसरा स्थान अपने नाम किया। न्यूजीलैंड की टीम पिछले वर्ष विजेता रही थी। पाकिस्तान ने कनाडा को 3-1 से हराकर पांचवा स्थान हासिल किया। जापान को सातवां और आखिरी स्थान मिला। 

कोई टिप्पणी नहीं: