नयी दिल्ली 07 जनवरी , समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने उत्तरप्रदेश में अवैध खनन घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के छापेमारी की कड़ी आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सीबीआई से गठबंधन कर लिया है। सपा के महासचिव रामगोपाल यादव और बसपा के महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा ने संसद भवन परिसर में संयुक्त रुप से संवाददाताओं से कहा कि भाजपा काे यह दाव उलटा पड़ेगा। दोनों नेता राज्यसभा में अपने अपने संसदीय दल के नेता हैं। श्री यादव ने कहा कि सीबीआई की छापेमारी भाजपा की हताशा प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘तोते’ का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, “ अभी तो सपा बसपा का गठबंधन भी नहीं हुआ है और सरकार सीबीआई से गठबंधन कर रही है।” सपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र के इशारे पर सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है। श्री मिश्रा ने कहा कि बड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे उत्तरप्रदेश सरकार के लिये मुश्किल होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी छोड़ कहीं और से लड़ना पड़ेगा। उत्तरप्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार के शासनकाल में वर्ष 2012 से 2016 के बीच राज्य में हुए अवैध खनन घोटाला मामले में सीबीआई ने आईएएस अधिकारी बी. चंद्रकला के घर पर छापा मारा था। सीबीआई ने बुंदेलखंड में अवैध खनन के मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर चंद्रकला समेत 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। वर्ष 2012-13 में खनन विभाग तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास था। माना जा रहा है कि सीबीआई इस मामले में उनसे भी पूछताछ कर सकती है। इस बीच भाजपा ने अवैध खनन घोटाले में श्री अखिलेश यादव की भूमिका की जांच के लिये सीबीआई जांच की मांग की है।
सोमवार, 7 जनवरी 2019
भाजपा ने किया सीबीआई से गठबंधन: सपा - बसपा
Tags
# देश
# राजनीति
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
राजनीति
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें