दिल्ली : राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नामित किए जाने का राजग के सहयोगी दलों ने स्वागत किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 18 अगस्त 2025

दिल्ली : राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नामित किए जाने का राजग के सहयोगी दलों ने स्वागत किया

Nda-welcome-vice-president-candidate
नई दिल्ली (रजनीश के झा)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दलों ने रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नामित करने के फैसले का स्वागत किया। राधाकृष्णन तमिलनाडु भाजपा के एक अनुभवी नेता हैं और वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक रह चुके हैं। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद यह घोषणा की। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल थे। बैठक में पार्टी के सहयोगी दलों से भी परामर्श किया गया। राधाकृष्णन तमिलनाडु के प्रभावशाली गौंडर जाति से आते हैं जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अंतर्गत आती है। तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। घोषणा के बाद तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राजग उम्मीदवार को अपनी पार्टी का समर्थन दिया। नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय श्री सी. पी. राधाकृष्णन जी को राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किए जाने पर बधाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक वरिष्ठ राजनेता और सम्मानित नेता के रूप में उन्होंने लंबे समय तक देश की विशिष्ट सेवा की है। तेलुगु देशम पार्टी उनके नामांकन का हार्दिक स्वागत करती है और अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करती है।’’ केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी अपनी पार्टी की ओर से राधाकृष्णन को ‘पूरा समर्थन’ दिया। पासवान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने हमेशा सामाजिक न्याय, समावेशिता और सभी के विकास की नीति को प्राथमिकता दी है। राधाकृष्णन का नामांकन इस संकल्प का एक जीवंत उदाहरण है।’’ केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने भी राधाकृष्णन के नामांकन के लिए अपनी पार्टी का समर्थन व्यक्त किया। मांझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम उपराष्ट्रपति पद के लिए राजग उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन का पूरा समर्थन करते हैं। हम सड़क से लेकर संसद तक राजग के साथ खड़े हैं।’’ सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपराष्ट्रपति चुनाव की देखरेख करेंगे, जबकि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू मतदान एजेंट होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। यदि विपक्ष भी अपना उम्मीदवार घोषित करता है, तो चुनाव नौ सितंबर को होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: