बीसीए की प्राथमिकता अब मैदान पर परिणाम दिखाने की होनी चाहिए। पुरुष सीनियर और अंडर-23 टीमों के लिए चयन ट्रायल और कैंप की घोषणा इसी दिशा में एक ठोस कदम है.मोइन-उल-हक स्टेडियम में होने वाले इस शिविर से यह उम्मीद बंधती है कि राज्य स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे. खिलाड़ियों की फिटनेस और चोट प्रबंधन पर हाल ही में आयोजित फिजियोथेरेपी प्रशिक्षण सत्र भी उल्लेखनीय पहल है. यह दिखाता है कि संघ अब केवल खिलाड़ियों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संपूर्ण शारीरिक और मानसिक विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.फिटनेस और रिकवरी क्रिकेट जैसे लंबे और दबाव भरे खेल के लिए बेहद जरूरी हैं. अब असली चुनौती यह है कि यह नई टीम अपनी कार्यशैली से भरोसा कायम करे और बिहार क्रिकेट को वह पहचान दिलाए जिसकी उसे लंबे समय से तलाश रही है.बिहार के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है, जरूरत है उसे दिशा और मंच देने की. बिहार क्रिकेट संघ का यह चुनाव केवल पदाधिकारियों का बदलाव नहीं, बल्कि एक सोच और दृष्टिकोण का परिवर्तन भी है. यदि युवा नेतृत्व, पारदर्शिता और ठोस योजनाओं का सही संयोजन बना रहा तो आने वाले वर्षों में बिहार क्रिकेट न केवल घरेलू क्रिकेट में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान दर्ज करा सकता है.
पटना,(आलोक कुमार).बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के हालिया चुनावों ने एक नई और प्रेरक शुरुआत की है.24 वर्षीय हर्षवर्धन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना न केवल युवा नेतृत्व की पहचान है, बल्कि यह इस बात का संकेत भी है कि बिहार क्रिकेट अब नई ऊर्जा और नए दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने को तैयार है.इतनी कम उम्र में शीर्ष पद पर पहुंचना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, और यह आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों के लिए प्रेरणादायी संदेश देता है. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों – उपाध्यक्ष प्रिया कुमारी, सचिव जियाउल आरेफिन, कोषाध्यक्ष अभिषेक नंदन और संयुक्त सचिव रोहित कुमार – का निर्विरोध चुना जाना इस चुनाव की पारदर्शिता और सर्वसम्मति को दर्शाता है.साथ ही, प्रबंध समिति के सदस्य राजेश कुमार और शासी परिषद सदस्य ज्ञानेश्वर गौतम की नियुक्ति से संगठनात्मक मजबूती की उम्मीद बढ़ती है.चुनाव अधिकारी सेवानिवृत्त आईएएस एम. मोदासिर के नेतृत्व में यह प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रही, जो बिहार क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक संकेत है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें