दिल्ली : वंदे मातरम प्रेरणा का महामंत्र : प्रो अंजू श्रीवास्तव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।


शुक्रवार, 7 नवंबर 2025

दिल्ली : वंदे मातरम प्रेरणा का महामंत्र : प्रो अंजू श्रीवास्तव

  • हिंदू कालेज में डेढ़ सौ वीं वर्षगांठ पर समारोह 

Hindu-college-delhi-university
नई दिल्ली। वंदे मातरम दो शब्दों का ऐसा महामंत्र है जिसने लाखों भारतीयों को औपनिवेशिक शासन से लड़ने का साहस प्रदान किया। हमारे राष्ट्रगीत की डेढ़ सौ वीं जयंती देशवासियों को नया उत्साह प्रदान करेगी और राष्ट्रसेवा के हमारे संकल्प को अधिक मजबूत करेगी। हिंदू कालेज में वंदे मातरम की रचना की डेढ़ सौ वीं जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में प्राचार्य प्रो अंजू श्रीवास्तव ने कहा कि इस मंत्र का उच्चार कर हमारे क्रांतिकारियों ने हंसते हंसते फांसी का फंदा चूमा था। प्रो श्रीवास्तव ने कहा कि वंदे मातरम बांग्ला के महान उपन्यासकार बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा अक्षय नवमी के शुभ अवसर पर 7 नवंबर 1875 को लिखा गया था। हिंदू कालेज के विशाल सांगानेरिया सभागार में विद्यार्थियों, शिक्षकों और सह शैक्षणिक कर्मचारियों ने सामूहिक स्वर में संपूर्ण वंदे मातरम गायन किया और उल्लास व्यक्त किया। महाविद्यालय की संगीत संस्था अलंकार के विद्यार्थियों के नेतृत्व में वंदे मातरम के बाद अन्य देशभक्ति गीतों का गायन भी हुआ। इससे पहले समारोह में हिंदू कॉलेज के प्रधानमंत्री समीर कुमार उपाध्याय ने सभी का स्वागत किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में में विद्यार्थियों ने तिरंगा शोभा यात्रा भी की। संयोजन कर रहे कार्यक्रम अधिकारी डॉ पल्लव ने कहा कि विश्व भर में वंदे मातरम अकेला ऐसा गीत है जिसका आधार लेकर विभिन्न भारतीय भाषाओं  में अनेक गीतों की रचना हुई। आयोजन में उप प्राचार्य प्रो रीना जैन सहित विभिन्न शैक्षणिक विभागों के प्रभारी शिक्षक भी उपस्थित थे। आयोजन के दूसरे भाग में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए उद्बोधन का सीधा प्रसारण हुआ। प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सभागार में उपस्थित सभी श्रोताओं ने उत्साहपूर्वक सुना। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थी अध्यक्षा निशांत सिंह ने आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं: