कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने कहा, “इस प्रकार की भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह पहल विज्ञान को पुस्तकों से बाहर निकलकर प्रत्यक्ष अनुभव के रूप में समझने का एक सशक्त माध्यम है। हमें विश्वास है कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को नवाचार एवं अनुसंधान की दिशा में प्रेरित करेगा।” इस कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. मो. अबुल कलाम आज़ाद द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर डॉ. दिप्ती भारती, श्री मो. अलीमुल्लाह अनवर, श्री अंकित कुमार, श्री ऋतु राज, श्री रवि रंजन, श्री मयंक कुमार सिंह, महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। यह पहल विज्ञान शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दरभंगा, 05 फरवरी (रजनीश के झा)। बिहार काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (BCST), पटना के निर्देशानुसार दिनांक 05 फरवरी 2026 को दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (DCE), दरभंगा से भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर विज्ञान प्रदर्श बस को रवाना किया। यह भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस दिनांक 04 फरवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक दरभंगा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण करेगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करना, वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आधुनिक वैज्ञानिक अवधारणाओं से परिचित कराना है। बस में विज्ञान से संबंधित विभिन्न मॉडल, प्रयोगात्मक प्रदर्शन एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे विद्यार्थी व्यवहारिक रूप से विज्ञान को समझ सकें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें