- सदस्यता अभियान के दौरान राशन कार्ड, पेंशन, भूमि एवं आवास के सवाल उठाए गए

ताजपुर/समस्तीपुर (संवाददाता), 5 जुलाई । अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के सदस्यता अभियान के तहत ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक एवं हरिशंकरपुर बघौनी के धोबिया पोखर पर रविवार को बैठक आयोजित की गई। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता एवं जीतेंद्र सहनी ने संयुक्त रूप से किया।बैठक को संबोधित करते हुए सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ग्रामीण गरीबों पर हर घर से सालाना 1200 रुपये टैक्स वसूली का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी योजनाओं में कटौती से ग्रामीण जनता परेशान है। ऐसे में अतिरिक्त कर का बोझ डालना गरीबों के साथ अन्याय होगा। खेग्रामस इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करेगी। बैठक में वक्ताओं ने बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने, आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं, बंद वृद्धावस्था पेंशन, मोसमात पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन को अविलंब चालू करने की मांग की। साथ ही भूमिहीन गरीबों को भूमि एवं आवास उपलब्ध कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने की मांग उठाई गई। नेताओं ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव में संगठन को मजबूत किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। सदस्यता अभियान के दौरान कई ग्रामीणों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में स्थानीय ग्रामीणों एवं खेग्रामस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें