पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद मंत्री ने अपना आपा खो दिया। आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा प्रसारित किया जा रहा वीडियो संदर्भ से अलग पेश किया गया है। उन्होंने स्थानीय आप विधायक पर सड़क ठेकेदार से कमीशन मांगने का आरोप लगाया। वर्मा ने कहा कि सिंह ने सड़क निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता की शिकायत की थी और जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने आप विधायक से भी वहां आने का अनुरोध किया था। हालांकि, वर्मा ने आरोप लगाया कि सिंह ने मौके पर आप कार्यकर्ताओं को बुलाया, जिन्होंने उनके और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उन्होंने उसी तरह प्रतिक्रिया दी, जैसी कोई आम व्यक्ति करता। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराएगी। वर्मा ने यह भी कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने या कमीशन मांगने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में कई सड़कों का निर्माण वर्षों तक उपेक्षित रहने के बाद कराया जा रहा है। केजरीवाल ने 'एक्स' पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह सोमवार को तिलक नगर जाकर सड़क का निरीक्षण करेंगे।
वीडियो के अनुसार, वर्मा सड़क का निरीक्षण कर रहे थे, तभी सिंह वहां पहुंचे और उन्होंने हाथ से सड़क की सतह का कुछ हिस्सा उखाड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण सामग्री खराब गुणवत्ता की है और वह आसानी से निकल रही है। सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए जाने पर वर्मा के पास कोई जवाब नहीं था और उन्होंने इसके बजाय रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया। आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जब सिंह और स्थानीय लोगों ने हाथ से सड़क की सामग्री उखाड़ी तो वर्मा उनके सवालों का जवाब नहीं दे सके और उन्होंने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद मंत्री मौके से चले गए। आप नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि जनता के पैसे से "खराब गुणवत्ता" वाली सड़क बनाई गई है और उन्होंने दिल्ली पुलिस से वर्मा को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने इस घटना की तुलना केजरीवाल सरकार के 10 साल के कार्यकाल से करते हुए कहा कि उस समय आप के मंत्री और नेता लोगों से मिलते थे, उनकी समस्याएं सुनते थे और उनका समाधान करते थे। आप विधायक कुलदीप कुमार ने कहा, "वर्मा मंत्री की तरह नहीं बल्कि गुंडे की तरह व्यवहार कर रहे थे"। उन्होंने वर्मा के खिलाफ तत्काल पुलिस कार्रवाई की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें