- न्यायसंगत कार्रवाई से आपत्ति नहीं, लेकिन परिवार को प्रताड़ित करना स्वीकार नहीं : पुनीत सिंह पारिया
बिहार युवा कांग्रेस के सचिव एवं बिहार प्रभारी पुनीत सिंह पारिया ने कहा कि जमुई की घटना के विरोध में युवा कांग्रेस के साथी नवीन ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यदि नवीन या किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ कोई कानूनसम्मत मामला बनता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस को न्यायसंगत कार्रवाई पर कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद नवीन के परिवार को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून के तहत कार्रवाई और परिवार को प्रताड़ित करने में अंतर है। प्रशासनिक शक्ति का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुनीत सिंह परिया ने कहा कि यदि कोई वीडियो पुलिस कस्टडी में बनाया गया और बाद में मुख्यमंत्री से जुड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहुंचा, तो यह जांच का विषय है कि पुलिस कस्टडी में बना वीडियो मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंचा। उन्होंने मांग की कि इसकी निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि वीडियो किसने बनाया, किसके निर्देश पर बनाया गया और उसे सोशल मीडिया तक किसने पहुंचाया। उन्होंने नवीन के परिवार के सदस्यों को रात में थाने ले जाने के आरोपों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि परिवार के सदस्य उस मामले में वांछित नहीं थे तो उन्हें किस कानूनी प्रक्रिया और किस अधिकार के तहत थाने लाया गया, पुलिस को इसका जवाब देना चाहिए। महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कुमारी सोनी ने कहा जमुई की घटनाओं में मैं स्वयं पीड़ित परिवारों से मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि घटना के बाद पीड़ित परिवारों को बुलाकर समझाया जा रहा है और सरकार के पक्ष में बयान देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। संवाददाता सम्मेलन में पुनीत सिंह पारिया , डॉ कुमारी सोनी, विकाश झा , मिन्नत रहमानी, डॉ संजय यादव , प्रेमचंद सिंह, मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें