नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध व लोकतंत्र की हत्या : राहुल गांधी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 19 सितंबर 2026

नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध व लोकतंत्र की हत्या : राहुल गांधी

Nandigram-candidate-arrest-pilitical-cinspiracy
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ करार देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निष्पक्ष चुनाव में भरोसा नहीं करती और चुनावी मुकाबला खत्म करना चाहती है। गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध है, लोकतंत्र की हत्या है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा का निष्पक्ष चुनाव में भरोसा ही नहीं है, इसलिए कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी से सत्ता बचाना चाहती है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते, चुनावी मुकाबला ही खत्म कर देना चाहते हैं।’’


उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी। हम लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी।’’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी वोट चोरी और चुनाव चोरी की एक बेशर्म कोशिश है।" उन्होंने दावा किया कि भाजपा इतनी असुरक्षित है कि उपचुनाव में भी वह विपक्षी उम्मीदवार को निशाना बनाने और गिरफ्तार करने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को “लोकतंत्र की जननी” बताते हैं लेकिन पश्चिम बंगाल में भाजपा जो कर रही है, वह ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस न तो डरने वाली है और न ही चुप होने वाली। एकजुट विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ इसका मुकाबला करेगा।" नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन में कथित संलिप्तता के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: