- नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत
नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद सीहोर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। हमारा प्रयास है कि शहर में ऐसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले। भोपाल नाके से टाउन हॉल तक नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 2.25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला यह कार्य केवल नाला निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को भी ध्यान में रखते हुए कराया जाएगा। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और आसपास के नागरिकों एवं दुकानदारों को भी राहत मिलेगी। नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण जैसे मूलभूत कार्यों को लेकर नगर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीहोर को सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित शहर बनाना नगर सरकार की प्राथमिकता है। शहर के विकास के लिए जहां भी आवश्यकता होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत कराकर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा।उ भोपाल नाके से टाउन हॉल तक नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के भूमिपूजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर जल निकासी और व्यवस्थित विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस कार्य के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद दिनेश कुशवाहा, अजय पाल राजपूत, नरेंद्र राजपूत, कमलेश राठौर, लोकेंद्र वर्मा, मांगीलाल मालवीय, कमलेश कुशवाहा सहित वार्ड क्रमांक 8 के बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें