पटना : बाल-बाल बचीं भोजपुरी टीआरपी क्वीन संजना पांडेय, सेट पर लगी आग - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

पटना : बाल-बाल बचीं भोजपुरी टीआरपी क्वीन संजना पांडेय, सेट पर लगी आग

Bhojpuri-actress-sanjna-pandey
पटना, 03 अक्टूबर (रजनीश के झा) । भोजपुरी सिनेमा की टीआरपी क्वीन अभिनेत्री संजना पांडेय हाल ही में अपनी फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग के दौरान एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गईं। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के बदलापुर, जौनपुर में चल रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म के एक सीन में आग का इस्तेमाल किया जाना था और इसी दौरान अचानक आग बेकाबू होकर अभिनेत्री की ओर फैल गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शूटिंग सेट पर मौजूद लोगों के बीच मची अफरा-तफरी की चर्चा भी फिल्मी गलियारों में होने लगी है। संजना पांडेय के मुताबिक, जिस सीन की शूटिंग हो रही थी, उसमें उन्हें आग के बीच खड़ा होना था। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। शूटिंग के दौरान हवा काफी तेज चलने लगी, जिसके कारण आग को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और लपटें अचानक उनकी ओर आ गईं। देखते ही देखते आग उनके कपड़ों तक पहुंच गई।


अभिनेत्री ने बताया कि स्थिति बेहद अचानक बिगड़ी और कुछ ही क्षणों में उनके कपड़ों में आग लग गई। हालांकि शूटिंग यूनिट के क्रू सदस्यों ने तत्काल मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाई। उनकी तत्परता के कारण संजना को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अभिनेत्री के अनुसार, घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी नहीं है। संजना पांडेय ने घटना के बाद राहत की सांस ली और बताया कि वह सुरक्षित हैं। वहीं, संजना पांडेय ने ‘भूतनी का बदला’ को लेकर कहा कि यह फिल्म दर्शकों के लिए मनोरंजन के साथ रोमांच और रहस्य का भी अनुभव लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और किरदारों को ध्यान में रखते हुए पूरी टीम ने मेहनत की है और शूटिंग के दौरान कई चुनौतीपूर्ण दृश्यों को भी पूरी लगन के साथ फिल्माया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों को इसकी कहानी, प्रस्तुति और कलाकारों का काम पसंद आएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: