समस्तीपुर : फतेहपुर पंचायत भवन पर खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

समस्तीपुर : फतेहपुर पंचायत भवन पर खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन

  • भूमिहीनों को वासभूमि, पर्चा व मनरेगा कार्य की उठी मांग

Khegramas-protest-samastipur
ताजपुर/समस्तीपुर, 2 अक्टूबर (संवाददाता) । भूमिहीनों को वासभूमि उपलब्ध कराने, सरकारी एवं निजी जमीन पर बसे परिवारों को पर्चा देने, मनरेगा के तहत काम उपलब्ध कराने, आवास योजना में कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण सहित विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को खेग्रामस के बैनर तले फतेहपुर पंचायत भवन पर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता भाकपा माले पंचायत सचिव मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। कार्यक्रम को अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, संजीव राय, सुलेखा कुमारी, शिव कुमारी, सुनीता देवी, आशा देवी, रजनी देवी तथा भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया।


सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले राज्य कमिटी सदस्य बंदना सिंह ने कहा कि सरकार घोषणाओं के बावजूद भूमिहीन परिवारों को वासभूमि देने, सरकारी एवं मालिकाना जमीन पर बसे लोगों को पर्चा उपलब्ध कराने, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने तथा महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीब हितैषी होने का दावा तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर गरीबों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने आवास योजना में कथित बंदरबांट और घूसखोरी पर रोक लगाने, जमाबंदी शुद्धीकरण अभियान के तहत अंचल कर्मियों को गांवों में भेजकर समस्याओं का समाधान करने तथा मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। धरना-प्रदर्शन के दौरान बीडीओ रवि भूषण से टेलीफोन पर वार्ता हुई। इसके बाद उनके निर्देश पर पहुंचे पंचायत सचिव को मांगों से संबंधित स्मारपत्र सौंपा गया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: