मधुबनी : दुर्गा पूजा को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026

मधुबनी : दुर्गा पूजा को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

  • पूजा स्थलों, जुलूस मार्ग, रावण दहन एवं विसर्जन स्थल पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

Madhubani-dm-sp-inspact-durga-puja-venue
मधुबनी, 08 अक्टूबर, (रजनीश के झा) । दुर्गा पूजा  के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था के सुचारु संधारण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न पूजा स्थलों, जुलूस मार्ग, रावण दहन स्थल एवं विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारीद्वय ने सदर अनुमंडल अंतर्गत शंभुआर स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भीड़ के सुरक्षित आवागमन तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित रहें। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कोतवाली चौक स्थित दुर्गा मंदिर एवं सप्ता का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में गंगासागर घाट स्थित विसर्जन स्थल का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने वहां पर्याप्त लाइटिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य सुरक्षा एवं एहतियाती व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं विधि-व्यवस्था संधारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: