मधुबनी : सहरसा के राज्य स्तरीय नाट्योत्सव में भाग लेने के लिए रवाना होगी मधुबनी इप्टा की टीम - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

मधुबनी : सहरसा के राज्य स्तरीय नाट्योत्सव में भाग लेने के लिए रवाना होगी मधुबनी इप्टा की टीम

Madhubani-ipta
मधुबनी, 01 अक्टूबर (रजनीश के झा) । बिहार इप्टा के तत्वावधान में आगामी 2, 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को सहरसा के आर्यावर्त वैली पाठशाला परिसर (जिला परिषद्) में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय नाट्योत्सव ‘सच का रंगमंच: रंगों और विचारों का उत्सव’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस त्रिदिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ में भागलपुर, मधुबनी, सहरसा, छपरा, पटना और कटिहार सहित विभिन्न जिलों की इप्टा टीमें अपनी सशक्त नाट्य प्रस्तुतियां देंगी। इस उत्सव के दौरान मुख्य नाट्य मंचन के साथ-साथ 'रंग चबूतरा' पर गीत, नृत्य, लघु नाटक और 'रंग-विमर्श' व 'थिएटर की बातें, इप्टा के संग' जैसे महत्वपूर्ण युवा संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।


इसी राज्य स्तरीय नाट्य समारोह में उत्साहपूर्वक शामिल होने के लिए मधुबनी इप्टा की टीम पूरी तरह तैयार है और 2 अक्टूबर 2026 को यहाँ से सहरसा के लिए प्रस्थान करेगी। इप्टा (इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन) का इतिहास तो भारत की आज़ादी से पहले का है, लेकिन मधुबनी में जन-सरोकार और रंगकर्म की यह मशाल 1986 में जली। तब से लेकर आज तक, 'मधुबनी इप्टा' जिलेवासियों के लिए समाज का आईना और आवाज़ बनी हुई है। इस प्रतिष्ठित मंच पर मधुबनी टीम द्वारा डॉ. वागीश कुमार झा द्वारा लिखित और रंजीत द्वारा निर्देशित बहुचर्चित नाटक 'महाभारत एक्सटेंशन' का मंचन किया जाएगा। सचिव रंजीत रॉय ने बताया यह नाटक एक चेतावनी है कि जब तक हम खुद अपनी आवाज़ नहीं बनेंगे, कोई कृष्ण हमें बचाने नहीं आएगा। मधुबनी इप्टा के मंच से यह प्रस्तुति सत्ता के उसी नकाब को नोचने की एक कोशिश है। इस सांस्कृतिक आयोजन में अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए मधुबनी से जाने वाले कलाकारों के दल में रंजीत, रमेश, अभिषेक, प्रभात, सिमरन, रागनी, नित्या, पुष्ण, प्रीत, अंजली, पंचम प्रकाश, शिवम, धीरज और प्राची शामिल हैं, जो इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तत्पर हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: