प्रथम दिन-माँ शैलपुत्री-दृढ़ता और संकल्प
माँ शैलपुत्री पर्वत की दृढ़ता और स्थिरता की प्रतीक मानी जाती हैं। उनका स्वरूप हमें सिखाता है कि किसी भी महान कार्य की शुरुआत मजबूत संकल्प से होती है। जीवन में परिस्थितियाँ बदलती रहती हैं, लेकिन लक्ष्य के प्रति निष्ठा बनी रहनी चाहिए। पहला संकल्प-मैं कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और दृढ़ता बनाए रखूँगा तथा अपने लक्ष्य से विचलित नहीं होऊँगा।
द्वितीय दिन-माँ ब्रह्मचारिणी-अनुशासन और साधना
माँ ब्रह्मचारिणी तप, त्याग, संयम और साधना का संदेश देती हैं। कोई भी व्यक्ति केवल इच्छाएँ करने से सफल नहीं होता। सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, समय का सदुपयोग और आत्मानुशासन आवश्यक हैं। विद्यार्थी हों, लेखक हों, कर्मचारी हों अथवा उद्यमी, हर क्षेत्र में निरंतर साधना ही श्रेष्ठता का मार्ग बनती है। दूसरा संकल्प- मैं समय का सम्मान करूँगा, आलस्य से बचूँगा और प्रतिदिन अपने ज्ञान तथा कौशल में वृद्धि करूँगा।
तृतीय दिन-माँ चंद्रघंटा-साहस और न्याय
माँ चंद्रघंटा का स्वरूप साहस, सजगता और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। साहस का अर्थ किसी को दबाना नहीं, बल्कि निर्बल की रक्षा करना और सत्य के पक्ष में खड़े होना है। समाज में अन्याय तब बढ़ता है, जब सज्जन लोग मौन रहना ही अपनी सुरक्षा समझने लगते हैं। तीसरा संकल्प-मैं अन्याय का समर्थन नहीं करूँगा, निर्बल की सहायता करूँगा और सत्य के पक्ष में विवेकपूर्ण ढंग से आवाज उठाऊँगा।
चतुर्थ दिन-माँ कूष्मांडा-सृजन और सकारात्मकता
माँ कूष्मांडा को सृजन और ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है। मनुष्य की पहचान केवल इस बात से नहीं होती कि उसने कितनी कठिनाइयाँ झेलीं, बल्कि इससे भी होती है कि उसने उन परिस्थितियों में कितना सृजन किया। एक विचार, एक कविता, एक पुस्तक, एक उपयोगी आविष्कार अथवा किसी जरूरतमंद की सहायता ये सभी सकारात्मक सृजन के रूप हैं। चैथा संकल्प-मैं नकारात्मकता फैलाने के स्थान पर सकारात्मक विचारों, रचनात्मक कार्यों और उपयोगी प्रयासों को प्राथमिकता दूँगा।
पंचम दिन-माँ स्कंदमाता-प्रेम और जिम्मेदारी
माँ स्कंदमाता मातृत्व, स्नेह और संरक्षण का प्रतीकात्मक संदेश देती हैं। परिवार और समाज का वास्तविक आधार प्रेम, संवेदना और जिम्मेदारी है। केवल अधिकार माँगने से रिश्ते मजबूत नहीं होते, दूसरों की आवश्यकताओं को समझना और उनके सुख-दुःख में साथ खड़ा होना भी जरूरी है। पाँचवाँ संकल्प-मैं अपने परिवार, मित्रों और समाज के प्रति संवेदनशील रहूँगा तथा अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाऊँगा।
षष्ठम दिन-माँ कात्यायनी-आत्मसम्मान और कर्मठता
माँ कात्यायनी का स्वरूप शक्ति, पराक्रम और अन्याय के प्रतिरोध की प्रेरणा देता है। आत्मसम्मान का अर्थ अहंकार नहीं, बल्कि अपने मूल्यों पर दृढ़ रहना है। जीवन में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए साहस के साथ कर्मठता भी आवश्यक है। भगवद्गीता का कर्मयोग हमें फल की चिंता में उलझने के बजाय अपने कर्तव्य पर ध्यान केंद्रित करने की शिक्षा देता है। छठा संकल्प-मैं अपने आत्मसम्मान की रक्षा करूँगा, कर्तव्यनिष्ठ रहूँगा और कठिनाइयों से भागने के बजाय उनका समाधान खोजूँगा।
सप्तम दिन-माँ कालरात्रि-भय पर विजय
माँ कालरात्रि का उग्र स्वरूप भय और नकारात्मक शक्तियों के विनाश का प्रतीक माना जाता है। मनुष्य के जीवन में कई बार असफलता, आलोचना, अनिश्चितता और परिवर्तन का भय उसे आगे बढ़ने से रोकता है। भय से मुक्त होने का अर्थ खतरे को अनदेखा करना नहीं, बल्कि उसका सामना विवेक और तैयारी के साथ करना है। सातवाँ संकल्प-मैं असफलता के भय से अपने प्रयास नहीं रोकूँगा और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करूँगा।
अष्टम दिन-माँ महागौरी-शुद्धता और क्षमा
माँ महागौरी का स्वरूप पवित्रता, शांति और निर्मलता का प्रतीक है। जीवन की वास्तविक सुंदरता केवल बाहरी रूप में नहीं, बल्कि विचारों की स्वच्छता, व्यवहार की विनम्रता और हृदय की उदारता में होती है। ईष्र्या, द्वेष और प्रतिशोध की भावना मनुष्य की आंतरिक शांति को नष्ट करती है। आठवाँ संकल्प-मैं अपने विचारों और व्यवहार को शुद्ध रखने का प्रयास करूँगा, अपनी गलतियों को स्वीकार करूँगा तथा जहाँ उचित होगा, वहाँ क्षमा और संवाद का मार्ग अपनाऊँगा।
नवम दिन-माँ सिद्धिदात्री-ज्ञान और लोककल्याण
माँ सिद्धिदात्री को सिद्धि और पूर्णता प्रदान करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। इस स्वरूप का एक व्यावहारिक संदेश यह भी है कि ज्ञान और सामथ्र्य का सर्वोत्तम उपयोग लोककल्याण में होना चाहिए। केवल व्यक्तिगत उपलब्धियाँ पर्याप्त नहीं हैं, हमारी सफलता से दूसरों को क्या लाभ मिला, यह प्रश्न भी महत्वपूर्ण है। नौवाँ संकल्प-मैं अपने ज्ञान, अनुभव, संसाधनों और सामर्थ्य का उपयोग समाज की भलाई तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए करूँगा।
नौ संकल्पों से जीवन में परिवर्तन
केवल संकल्प लेना पर्याप्त नहीं है। उसे व्यवहार में उतारना ही वास्तविक साधना है। यदि हम प्रतिदिन अपने आचरण की समीक्षा करें, अपनी एक कमजोरी पहचानें और उसमें सुधार का छोटा-सा प्रयास करें, तो नौ दिन की साधना जीवनभर की आदत बन सकती है। इसके लिए प्रतिदिन स्वयं से तीन प्रश्न पूछे जा सकते हैं-आज मैंने कौन-सा अच्छा कार्य किया? आज मुझसे कौन-सी गलती हुई और मैं उससे क्या सीख सकता हूँ? कल मैं अपने व्यवहार में कौन-सा एक सुधार करूँगा? इन प्रश्नों के उत्तर हमें आत्ममंथन की दिशा में ले जाते हैं। यह प्रक्रिया किसी धार्मिक कर्मकांड का विकल्प नहीं, बल्कि उसके साथ जुड़ने वाली आत्मानुशासन की एक उपयोगी विधि है।
देवी की आराधना से आत्मजागरण तक
नवरात्रि हमें स्मरण कराती है कि शक्ति का वास्तविक अर्थ केवल विजय प्राप्त करना नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाना भी है। जिस व्यक्ति में साहस है, लेकिन करुणा नहीं, उसकी शक्ति अधूरी है। जिसके पास ज्ञान है, लेकिन विनम्रता नहीं, उसका विवेक अधूरा है। जिसके पास सफलता है, लेकिन समाज के प्रति उत्तरदायित्व नहीं, उसकी उपलब्धियाँ भी अधूरी हैं। आइए, इस नवरात्रि हम केवल देवी के नौ स्वरूपों की पूजा ही न करें, बल्कि उनसे प्रेरित नौ गुणों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास भी करें। दृढ़ता, अनुशासन, साहस, सृजनशीलता, करुणा, आत्मसम्मान, निर्भयता, निर्मलता और लोककल्याण ये नौ गुण हमारी व्यक्तिगत उन्नति के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। नौ दिन, नौ शक्तियाँ, नौ संकल्प और लक्ष्य केवल एक अपने भीतर के श्रेष्ठ मनुष्य को जागृत करना। जय माता दी!
डॉ. चेतन आनंद
(कवि एवं पत्रकार)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें