बिहार की राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पटेल नगर में झारखंड के एक विधायक के घर में उत्तर प्रदेश के चंदौली की एक युवती के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जिनमें से एक आरोपी खुद को विधायक का भतीजा बता रहा है। पुलिस के अनुसार आरोप है कि उत्तर प्रदेश के चंदौली की रहने वाली एक युवती गुरुवार की रात पटना जंक्शन पर अकेले भटक रही थी, तभी कुछ युवक उसे बहला-फुसलाकर झारखंड के विधायक राजेन्द्र सिंह के आवास पर ले आए। विधायक आवास पर पांच लड़कों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार पीड़िता चार दिन पूर्व अपने घर से भाग गई थी। पटना के पुलिस अधीक्षक (नगर) जयकांत ने शनिवार को बताया कि इस आरोप में रांची के नीरज कुमार सहित पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार नीरज खुद को विधायक सिंह का भतीजा बता रहा है। इधर, विधायक सिंह ने बताया, "यह सही है कि मेरा एक मकान पटेल नगर में जरूर है, लेकिन पिछले दो वर्षो से मैं वहां नहीं गया हूं। वहां एक केयर टेकर और किरायेदार रहते हैं।" उन्होंने उनके किसी रिश्तेदार के वहां रहने या उसकी गिरफ्तारी से भी इंकार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनका नीरज नाम का कोई भतीजा नहीं है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें