मोगा जिले में संपत्ति के विवाद में कथित रूप से भतीजे द्वारा गोली चलाने से आज पंजाब के पूर्व विधायक मल्कीत सिंह कीटू की मौत हो गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह बताया कि 67 वर्षीय कीटू की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि यह घटना आज सुबह मोगा जिले के निहालसिंह वाला के बिलासपुर गांव में हुयी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार कीटू बरनाला क्षेत्र से शिरोमणि अकाली दल के विधायक रह चुके थे। कीटू के दो भतीजे हरप्रीत और जसप्रीत आज सुबह उनके मोगा स्थित घर पहुंचे। उनके साथ उनके तीन और साथी भी थे। उस समय कीटू स्नान करके बाहर आये थे। उन्होंने तौलिया लपेट रखा था। दोनों भतीजों की किसी बात को लेकर उनसे तकरार शुरू हो गयी।
संपत्ति के मामले में तकरार के बाद हरप्रीत ने 315 बोर की पिस्तौल से पूर्व विधायक पर गोली चला दी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें