कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को कहा कि इटली को दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी अपने दो नौ सैनिकों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय से किया गया वादा पूरा करना चाहिए। सूत्रों के अनुसार, सोनिया ने यह बात यहां कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में पार्टी के सांसदों से कही। सर्वोच्च न्यायालय ने 14 मार्च को कहा था कि इटली के राजदूत उसकी अनुमति के बगैर देश छोड़कर नहीं जा सकते। न्यायालय ने सोमवार को जारी एक अन्य आदेश में प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इटली के राजदूत डेनियल मेंसिनी देश छोड़कर न जा पाएं।
न्यायालय का यह आदेश इटली द्वारा अपने नौ सैनिकों को भारत भेजने से इंकार किए जाने के बाद आया, जिनके खिलाफ यहां दो भारतीय मछुआरों की हत्या के सिलसिले में मुकदमा चल रहा है। न्यायालय ने आरोपी नौ सैनिकों को अपने देश के आम चुनाव में भाग लेने के लिए जाने की अनुमति दी थी। तब भारत में इटली के राजदूत मेंसिनी ने न्यायालय को भरोसा दिलाया था कि आरोपी नौ सैनिक चुनाव में भाग लेने के बाद यहां लौट आएंगे। लेकिन बीते सप्ताह इटली ने इससे इंकार कर दिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें