उज्जैन 06 मई, मध्यप्रदेश के उज्जैन में प्राकृतिक आपदा के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घायलो के परिजनो से चर्चा कर विश्वास दिलाया कि ऐसी आपदा की घडी में राज्य सरकार उनके साथ है और उन्हें चिंता करने की कोई बात नही है। श्री चौहान ने आज तड़के संख्याराजे शासकीय चिकित्सालय उज्जैन पहुंच कर वहां भर्ती घायलों से भेंट कर उनकी कुशल क्षेम पूछी और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार और दवाई की व्यवस्था की जाये। उन्होने वार्ड में उपचाररत घायलों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर विश्वास दिलाया कि सरकार उनके उपचार की पूरी व्यवस्था कर रही है। चिंता की कोई बात नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ मेले में पूरा अमला मुस्तैदी से लगा हुआ है। रूद्रसागर से बारिश का पानी निकाल दिया गया है। सारी व्यवस्थाएं सुचारू कर दी गई हैं। बारिश और तेज हवा के कारण जो टेन्ट गिर गये है, उन्हें पुन: खड़ा करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि हम पूरी अंतर्रात्मा से सिंहस्थ महापर्व का आयोजन कर रहे है पर आपदा से हुआ नुकसान दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का अच्छा तत्परतापूर्वक उपचार चल रहा है। सभी जल्दी स्वस्थ्य होंगे। मुख्यमंत्री ने सभी संतों, जनप्रतिनिधियों और उज्जैन की जनता का धन्यवाद दिया कि आपदा की इस घड़ी में सभी ने मिल कर व्यवस्थाएं बनाए रखने में अच्छा कार्य किया। उन्होंने कहा कि अन्न की और धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षिप्रा तट पर स्नान, पूजा पाठ हो रहा है। इस मौके पर प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह, मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें