अमित शाह ने किया कांग्रेस को जड से उखाड फेंकने का आहवान - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 23 अप्रैल 2017

अमित शाह ने किया कांग्रेस को जड से उखाड फेंकने का आहवान

root-out-congress-from-gujrat-shah
सोमनाथ, 22 अप्रैल, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज अपने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में जड से उखाड फेकने का आहवान किया। सत्तारूढ भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी के अंतिम दिन अपने संबोधन में श्री शाह ने कहा कि इस साल गुजरात में होने वाला चुनाव केवल इसे जीतने का मौका नहीं है बल्कि कांग्रेस को एक एक बूथ से उखाड फेकने का मौका है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा अपनी सरकारों के बेहतर प्रदर्शन और मजबूत संगठन तथा जनसमर्थन के चलते चुनाव तो चुटकी बजा कर जीत जायेगी और इसे 150 से अधिक सीटें (कुल 182 में) भी मिल जाएंगी पर यह मौका कांग्रेस को जड से उखाड फेकने का है। इसका हर बूथ से सफाया हो जाना चाहिए। गुजरात में भाजपा 1990 से सत्तारूढ है।’ श्री शाह ने कहा कि भाजपा के लगातार जीत का रहस्य तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनहित के काम हैं। उन्होंने गुजरात को सबके लिए एक आदर्श और संविधान में वर्णित कल्याणकारी राज्य की अवधारणा के अनुरूप बनाया है। उन्होंने कहा कि 2014 में श्री मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के शासन में देश बेहाल था। महिलाएं और सरहदें सुरक्षित नहीं थी। देश की छवि विदेशों में काफी खराब थी। कांग्रेस के नेता अपने ही प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री नहीं मानते थे। पर श्री मोदी ने शासन संभालने के बाद तस्वीर बदल दी है। भाजपा तब से लगातार जीत रही है और अब ऐसी स्थिति है कि लोगों की नजर में बडी जीत की परिभाषा बदल गयी है। इसे अब दो तिहाई के बजाय तीन चौथाई बहुमत के तौर पर देखा जा रहा है। श्री मोदी का विजय रथ इस साल गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अब चौतरफा शासन है। 17 राज्यों में एनडीए की सरकार है। 60 प्रतिशत आबादी और 72 प्रतिशत भूभाग भाजपा के शासन वाले क्षेत्र में है। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इसके लिए बडा त्याग किया है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर, जो 13 विदेशी आक्रमणों के बावजूद , फिर से अपने पुराने गौरव के साथ खडा है, के साथ भाजपा की तुलना भी की। बाद में श्री शाह ने कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने आये मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी, तथा बैठक के दौरान प्रभार संभालने वाले गुजरात भाजपा के नये प्रभारी भूपेन्द्र यादव के साथ सोमनाथ मंदिर में संकल्प पूजा भी की। श्री शाह उक्त मंदिर के ट्रस्टी भी हैं। उन्होंने इससे पूर्व उक्त नेताओं तथा प्रदेश भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक भी की। कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रभारी तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की औपचारिक विदायी देते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया। ज्ञातव्य है कि गुजरात विधानसभा का कार्यकाल इस वर्ष दिसंबर में समाप्त हो रहा है। इस साल राज्य में विधानसभा चुनाव होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: