वाराणसी : कांग्रेस ने राहुल को भगवान परशुराम के रूप में प्रदर्शित कर हिंदू धर्म का अपमान किया : भाजपा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 19 जून 2026

वाराणसी : कांग्रेस ने राहुल को भगवान परशुराम के रूप में प्रदर्शित कर हिंदू धर्म का अपमान किया : भाजपा

Bjp-attack-congress-on-rahul-gandhi
वाराणसी  । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर उन्हें भगवान परशुराम के रूप में प्रदर्शित कर हिंदू धर्म का अपमान किया है। वाराणसी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन, गंगा नदी में उनकी तस्वीर पर दूध चढ़ाने सहित प्रतीकात्मक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ मनाये जाने के बाद भाजपा की यह प्रतिक्रिया आई है। जन्मदिन के जश्न के दौरान इस्तेमाल की गई तस्वीर में राहुल को भगवान परशुराम के रूप में दर्शाया गया, जिनके एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में संविधान की प्रति थी। 


भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस के लिए, (राहुल) गांधी भगवान हो सकते हैं। लेकिन हिंदुओं के लिए नहीं। जिस तरह से राहुल गांधी को भगवान (विष्णु) के अवतार परशुराम जी के रूप में दिखाया गया है, उससे पता चलता है कि वे लगातार हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार हिंदू परंपराओं का अपमान करते रहे हैं और अब वोट बैंक की राजनीति के लिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने हिंदू आतंकवाद और भगवा आतंकवाद की बात की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा समारोह महज नाच-गान कार्यक्रम था। उन्होंने बार-बार हिंदू परंपराओं का अपमान किया है और उन पर सवाल उठाए हैं।’’ 


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। उन्होंने दावा किया, ‘‘हिंदुओं का अपमान करने का एक लंबा सिलसिला रहा है। हिंदुओं को अपशब्द कहो और वोट बैंक से वाहवाही बटोरो - यही उनकी राजनीति रही है।’’ पूनावाला ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगेंगे। वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थकों ने भगवान परशुराम का अपमान किया है। भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने दिखा दिया है कि 365 दिनों में से कांग्रेस हिंदुओं को सिर्फ एक दिन याद रखेगी, जबकि बाकी 364 दिन वे तुष्टीकरण की राजनीति करेंगे।’’ बृहस्पतिवार को झारखंड में राजग समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार से कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार को मिली शिकस्त का जिक्र करते हुए भंडारी ने दावा किया कि कांग्रेस को अपने सहयोगियों का भी समर्थन हासिल नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस समर्थक, राहुल गांधी के जन्मदिन पर उनके प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकते हैं। लेकिन सच तो यह है कि सिर्फ 24 घंटे पहले ही उनके गठबंधन सहयोगी झामुमो ने कांग्रेस पार्टी की पोल खोल दी, जब राज्य में कांग्रेस के गठबंधन सहयोगियों ने ही उसके राज्यसभा उम्मीदवार को वोट नहीं दिया।’’

कोई टिप्पणी नहीं: