दिल्ली : पंजाबी बाग क्लब रोड पर मंडरा रहा अग्निकांड का खतरा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 3 जून 2026

दिल्ली : पंजाबी बाग क्लब रोड पर मंडरा रहा अग्निकांड का खतरा

  • अवैध पब-बारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकती है मालवीय नगर जैसी बड़ी त्रासदी : साहिल गंगवाल

Fire-in-delhi-hotel
नई दिल्ली (संवाददाता)। मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजधानी के अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी अग्नि सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पश्चिमी ज़ोन वार्ड समिति के उपाध्यक्ष एवं मादीपुर वार्ड-93 से निगम पार्षद साहिल गंगवाल ने पंजाबी बाग क्लब रोड पर संचालित पब, बार और डिस्कोथेकों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो यहां भी किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। साहिल गंगवाल ने कहा कि मालवीय नगर के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुई दुखद घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही कितनी घातक साबित हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी के कई क्षेत्रों में ऐसे प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं जहां अग्निशमन विभाग के नियमों, भवन निर्माण मानकों और सुरक्षा प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से पंजाबी बाग क्लब रोड का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में पब, बार और डिस्कोथेक संचालित हैं, जिनमें से कई प्रतिष्ठानों के संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा समय-समय पर शिकायतें भी की जाती रही हैं। गंगवाल का कहना है कि यदि इन प्रतिष्ठानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर बिना पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों और आवश्यक अनुमतियों के व्यवसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।


निगम पार्षद ने कहा कि किसी भी भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठान में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, फायर एनओसी, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। यदि इन नियमों की अनदेखी की जाती है तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पंजाबी बाग क्लब रोड पर संचालित सभी पब, बार और डिस्कोथेकों का संयुक्त निरीक्षण कराया जाए तथा जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाए उनके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। साहिल गंगवाल ने भाजपा सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि मालवीय नगर की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी की जाती और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाता तो कई हादसों को रोका जा सकता था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए तो पंजाबी बाग क्लब रोड पर भी मालवीय नगर जैसी दर्दनाक घटना घट सकती है। गंगवाल ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक जांच अभियान चलाने और सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं: