सीहोर : विधानसभा में भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रम संपन्न हुए। - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 11 जून 2026

सीहोर : विधानसभा में भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रम संपन्न हुए।

  • "12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" स्लोगन आधारित अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन।

Sehore-bjp
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल, जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे "12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" अभियान के अंतर्गत भोपाल संसदीय क्षेत्र की सीहोर विधानसभा में विभिन्न जनजागरण, जनसंपर्क एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि इन कार्यक्रमों में भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने सहभागिता करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर प्रवास के दौरान वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों व खिलाड़ियों के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। तत्पश्चात गंज स्थित राम जानकी मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन में शामिल हुए। इसके बाद सीहोर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। प्रातः कालीन तय कार्यक्रमानुसार सांसद आलोक शर्मा ने सीवन नदी तट पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके पश्चात महिला घाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ और स्वस्थ समाज निर्माण के लिए सभी नागरिकों से सहभागिता की अपील भी की गई। तट पर गंदगी नजर आने पर उन्होंने नगरपालिका सीएमओ को डांट भी लगाई। इसके बाद उन्होंने स्वच्छता अभियान अंतर्गत कार्यकर्ताओं के साथ तट की साफ-सफाई भी की।


सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर नगर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों, जनसंपर्क गतिविधियों एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक जनसंपर्क विस्तार एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। इसके अतिरिक्त सांसद आलोक शर्मा ने टाऊन हॉल स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीहोर के समग्र विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा। इन समस्त कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित भाजपा के जिला, मंडल एवं मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच व्यापक उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु पूर्ण समर्थन और सहभागिता का विश्वास व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं: