दिल्ली : राजग ने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बैठक की - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 10 जून 2026

दिल्ली : राजग ने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बैठक की

Nda-meeting
नई दिल्ली। सत्तारूढ़ गठबंधन शासन के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में यहां बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सत्तारूढ़ राजग के सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों ने यहां भारत मंडपम में हुई अहम बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में, राजग शासित सभी 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों तथा सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने भी भाग लिया। मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने 1952 में हुए आम चुनावों के बाद, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वर्ष 1947 से 1952 तक नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे क्योंकि 1952 तक आम चुनाव नहीं हुए थे। 


इंदिरा गांधी 14 साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रही थीं जो मोदी के कार्यकाल से अधिक है, लेकिन उनका (इंदिरा का) कार्यकाल लगातार नहीं था। इस पद पर 4,399 दिन पूरे होने के साथ, मोदी भारत के सबसे लंबे लगातार कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। मोदी ने 26 मई 2014 को, शानदार जीत के साथ भारत के प्रधानमंत्री का पद संभाला। इसके बाद, 2019 के आम चुनाव में उन्हें और भी प्रचंड जनादेश के साथ दोबारा चुना गया और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 को शुरू हुआ। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी समेत अन्य नेता शामिल हुए। राजग में शामिल दलों के केंद्रीय मंत्रियों, जिनमें के. राम मोहन नायडू (तेलुगु देशम पार्टी), राजीव रंजन सिंह (जद-यू), एच. डी. कुमारस्वामी (जद-एस) और अनुप्रिया पटेल (अपना दल-सोनेलाल) शामिल हैं, ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया।

कोई टिप्पणी नहीं: