भोपाल : गुरव समाज महिला मंडल ने पहली निकाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 16 जुलाई 2026

भोपाल : गुरव समाज महिला मंडल ने पहली निकाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा

  • बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल, जयघोष, भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा से भक्तिमय हुआ नगर

Gurav-samaj-rath-yatra
भोपाल । गुरव समाज महिला मंडल द्वारा गुरुवार को पहली बार भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस ऐतिहासिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन, शंखनाद और ढोल-ताशों की गूंज से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। वंदे मातरम् कॉलोनी से प्रारंभ हुई रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अर्धचंद्रईश्वर मंदिर पहुंची। सुसज्जित रथ पर विराजित भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं माता सुभद्रा की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ रथ यात्रा में सहभागिता निभाई तथा भगवान के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।


महिला मंडल की सक्रिय सदस्य हर्षिता सवनेर ने बताया कि गुरव समाज महिला मंडल द्वारा पहली बार आयोजित इस रथ यात्रा को श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व स्नेह एवं सहयोग मिला। बड़ी संख्या में समाजजन एवं नगरवासी परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल हुए। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत मोराने ने बताया कि गुरव समाज महिला मंडल द्वारा पहली बार आयोजित इस भव्य रथ यात्रा का उद्देश्य भगवान जगन्नाथ की भक्ति, भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाना, समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समाज के साथ-साथ नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं युवा संगठनों का भी आयोजन में सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे यह पहला आयोजन ऐतिहासिक एवं सफल रहा। रथ यात्रा के समापन पर अर्धचंद्रईश्वर मंदिर में भगवान जगन्नाथ की महाआरती की गई। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। महिला मंडल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समाजजनों, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि आगामी वर्षों में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा इसी श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ निकाली जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: