मधुबनी : महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु "सखी वार्ता" कार्यक्रम का आयोजन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

मधुबनी : महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु "सखी वार्ता" कार्यक्रम का आयोजन

Sakhi-varta-madhubani
मधुबनी (रजनीश के झा), 03 जुलाई । महिला एवं बाल विकास निगम, मधुबनी के तत्वावधान में आज दिनांक 03 जुलाई 2026 को राजनगर प्रखंड अंतर्गत समेकित बाल विकास सेवाओं के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-192 के पोषक क्षेत्र की महिलाओं एवं लाभार्थियों के साथ "सखी वार्ता" कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, वित्तीय सशक्तिकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में जिला स्तर पर संचालित वन स्टॉप सेंटर (OSC), जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), मधुबनी तथा विभा शंकर फाउंडेशन, मधुबनी के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों, युवाओं एवं पुरुषों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के दौरान जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), मधुबनी के जिला मिशन समन्वयक (DMC) ने महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण में जिला हब की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला सशक्तिकरण कार्यालय की गतिविधियों, पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाने वाले "सहयोग शिविर" तथा महिलाओं एवं किशोरियों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी उपस्थित महिलाओं को जानकारी प्रदान की। जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के लैंगिक विशेषज्ञ श्री शिव राम मेहरा ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं, कानूनी परामर्श, मनोसामाजिक सहयोग, अस्थायी आश्रय, आपातकालीन सहायता तथा महिला हेल्पलाइन एवं विभिन्न विभागों के टोल-फ्री नंबरों की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी।


Sakhi-varta-madhubani
विभा शंकर फाउंडेशन की संस्थापक एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा झा ने महिलाओं के व्यक्तिगत स्वच्छता, प्रजनन स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम, हड्डियों एवं घुटनों के दर्द जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. झा ने कई महिलाओं की व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर परामर्श एवं काउंसलिंग भी प्रदान की। वहीं, DHEW की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्रीमती पूनम कुमारी ने महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं वित्तीय साक्षरता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को नियमित बचत, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग, सरकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरियों ने खुलकर अपने अनुभव, समस्याएँ एवं सुझाव साझा किए। उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया। "सखी वार्ता" कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, किशोरियों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों के बीच महिला अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा, वित्तीय सशक्तिकरण एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का प्रभावी संदेश दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: