वाराणसी : भदोही से दुनिया तक बिछेगा कारोबार का सुनहरा कालीन, गोल्डन जुबली एक्सपो की तैयारियां शुरू - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

वाराणसी : भदोही से दुनिया तक बिछेगा कारोबार का सुनहरा कालीन, गोल्डन जुबली एक्सपो की तैयारियां शुरू

  • अक्तूबर में होगा 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो, विदेशी खरीदारों के स्वागत को लेकर तैयार हुई कार्ययोजना, सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

Carpet-expo-bhadohi
भदोही/वाराणसी (सुरेश गांधी)। भारत के हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित आयोजन 50वें (गोल्डन जुबली) इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अक्तूबर में प्रस्तावित इस अंतरराष्ट्रीय मेले को ऐतिहासिक, भव्य और विश्वस्तरीय बनाने के लिए शुक्रवार को कारपेट एक्सपो मार्ट, भदोही में पहली तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने की। बैठक में एक्सपो के सफल, सुव्यवस्थित और गरिमामय आयोजन को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि गोल्डन जुबली वर्ष का यह एक्सपो केवल व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं होगा, बल्कि भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, गुणवत्ता, नवाचार और वैश्विक पहचान का उत्सव भी बनेगा।


विदेशी खरीदारों और देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, साइनज, अग्निशमन व्यवस्था, भवन अनुरक्षण और अन्य आधारभूत सुविधाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्णय लिया गया। आयोजन के दौरान संभावित चुनौतियों की भी समीक्षा की गई और उनके समयबद्ध समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में सीईपीसी के मेला संयोजक वासिफ अंसारी सहित प्रशासनिक समिति के सदस्य अनिल कुमार सिंह, रवि पटोदिया, इम्तियाज अहमद, संजय गुप्ता, पियूष कुमार बरनवाल और रोहित गुप्ता मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने अपने सुझाव देते हुए संकल्प लिया कि गोल्डन जुबली इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 को अब तक का सबसे सफल और ऐतिहासिक आयोजन बनाया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह एक्सपो भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग को वैश्विक बाजार में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। इसके जरिए न केवल भारत की समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत पहचान मिलेगी, बल्कि कालीन निर्यात को गति मिलने के साथ नए व्यापारिक अवसर भी सृजित होंगे। भदोही, जिसे विश्वभर में 'कारपेट सिटी' के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर वैश्विक कालीन कारोबार का प्रमुख केंद्र बनने की तैयारी में है।

कोई टिप्पणी नहीं: