फतेहपुर : पत्रकार-पुलिस समन्वय मजबूत करने की पहल, सीजेए ने एसपी से संवाद गोष्ठी आयोजित कराने की करी मांग - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 22 जुलाई 2026

फतेहपुर : पत्रकार-पुलिस समन्वय मजबूत करने की पहल, सीजेए ने एसपी से संवाद गोष्ठी आयोजित कराने की करी मांग

  • पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, समाचार संकलन में आने वाली समस्याओं और जनहित में पुलिस-मीडिया की भूमिका पर चर्चा का दिया प्रस्ताव

Cyber-journalist-fatehpur
फतेहपुर (संवाददाता)। साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) ने जनपद में पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहपुर को पत्र सौंपकर पत्रकारों के साथ संवाद गोष्ठी आयोजित कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि बदलते समय में पत्रकारों और पुलिस के बीच नियमित संवाद न केवल दोनों पक्षों के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाएगा, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता और कानून-व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।


सीजेए के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान द्वारा पुलिस अधीक्षक को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। जनपद फतेहपुर में पुलिस प्रशासन और पत्रकारों के बीच हमेशा सकारात्मक एवं सहयोगात्मक संबंध रहे हैं, जिनकी बदौलत समाज तक सही और तथ्यपरक सूचनाएं समय पर पहुंचती हैं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग मिलता है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान समय में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को अनेक प्रकार की व्यावहारिक, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। वहीं पुलिस विभाग भी संवेदनशील परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच नियमित संवाद और आपसी समन्वय समय की आवश्यकता बन गया है। सीजेए ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि जिस प्रकार विभिन्न सामाजिक और अन्य संगठनों के साथ समय-समय पर संवाद बैठकें आयोजित की जाती हैं, उसी प्रकार जनपद के पत्रकारों के साथ भी एक विशेष संवाद गोष्ठी आयोजित की जाए। इस बैठक में पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों के बीच खुलकर विचार-विमर्श हो सके तथा विभिन्न समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके। संगठन ने प्रस्तावित गोष्ठी में कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल करने का सुझाव दिया है। इनमें पत्रकार एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उपाय, समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को आने वाली समस्याएं और उनके समाधान, पत्रकारों की सुरक्षा एवं अधिकार, कानून-व्यवस्था के दौरान पुलिस से अपेक्षित सहयोग, फर्जी पत्रकारिता एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर संयुक्त रणनीति तथा जनहित एवं अपराध नियंत्रण में पुलिस और मीडिया की सकारात्मक भूमिका जैसे विषय प्रमुख हैं। सीजेए का मानना है कि ऐसी संवाद बैठक से पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही जनपद में पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहितकारी कार्य संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। संगठन का कहना है कि यदि पत्रकार और पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तो समाज तक सही, तथ्यपरक और जिम्मेदार सूचनाएं पहुंचाने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता के अभियानों को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि सुविधानुसार तिथि एवं समय निर्धारित कर इस संवाद गोष्ठी का आयोजन कराया जाए, ताकि जनपद के पत्रकार इसमें भाग लेकर अपने सुझाव एवं समस्याएं साझा कर सकें और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल हो सके। पत्रकार जगत का मानना है कि यदि यह संवाद गोष्ठी आयोजित होती है तो इससे पुलिस और मीडिया के बीच संचार व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी, पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल होगी और जनहित से जुड़े मामलों में दोनों संस्थाएं और अधिक प्रभावी ढंग से अपनी भूमिका निभा सकेंगी। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी, प्रदेश उपाध्यक्ष ज़र्रेयाब खान, जिला संरक्षक वसीम अख्तर, जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, जिला सचिव एवं कार्यालय प्रभारी धीर सिंह यादव तथा लखनऊ युवा जिला अध्यक्ष मुहाफ़िज़ आब्दी सहित कई लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: