- ताजपुर अंचल-प्रखंड पर बृहस्पतिवार से शुरू होगा सामूहिक सत्याग्रह आंदोलन : प्रभात रंजन गुप्ता

ताजपुर/समस्तीपुर, 12 अगस्त (संवाददाता) । 13-14 अगस्त को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय पर आयोजित होने वाले सामूहिक अनशन-सत्याग्रह आंदोलन को बड़ी भागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से खेग्रामस द्वारा चलाया गया तीन दिवसीय जनसंपर्क अभियान बुधवार को संपन्न हो गया। अभियान का नेतृत्व भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। अभियान के दौरान विभिन्न गांवों एवं बस्तियों में जाकर ग्रामीणों, खेत मजदूरों, किसानों एवं गरीब परिवारों से संपर्क किया गया तथा उन्हें आंदोलन के उद्देश्यों और मांगों की जानकारी दी गई। नेताओं ने बताया कि बुलडोजर राज, गरीबों के विस्थापन, राशन सूची से गरीबों के नामों की कटौती, भूमिहीनों को जमीन उपलब्ध कराने, जी. राम. जी. कानून के तहत काम और उचित मजदूरी देने, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा तथा ग्रामीण मजदूर-किसानों पर कर वसूली बंद करने जैसी मांगों को लेकर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यव्यापी सामूहिक अनशन-सत्याग्रह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, खेत मजदूरों और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन महत्वपूर्ण है। जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने आंदोलन में शामिल होने का आश्वासन दिया। नेताओं ने ताजपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से 13-14 अगस्त को आयोजित सामूहिक सत्याग्रह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अभियान में ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, मो० एजाज, आसिफ होदा, जीतेंद्र सहनी, संजीव राय, ललन दास समेत खेग्रामस एवं भाकपा माले के अन्य कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें