- छपरा स्टेशन की पार्किंग से लेकर क्रॉसिंग तक परखी संरक्षा व्यवस्था, गेटमैन को ₹2000 पुरस्कार

वाराणसी (सुरेश गांधी). गाजीपुर सिटी से छपरा तक रेलखंड पर मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, संरक्षा, स्वच्छता और रेल परिचालन की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने स्टेशनों, समपारों, गुड्स शेड और निर्माणाधीन रेलवे आवासीय परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में खामियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। छपरा जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, यात्री आवागमन और सेकेंड एंट्री का निरीक्षण कर कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा। पार्किंग और यात्री आवागमन को इस तरह व्यवस्थित करने पर जोर दिया कि भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। सुरेमनपुर, बकुल्हा और गाजीपुर घाट स्टेशनों पर पैनल रूम, संरक्षा उपकरणों और महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच की गई। स्टेशन मास्टरों से सुरक्षित ट्रेन संचालन की जानकारी लेने के साथ प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाएं भी परखी गईं। स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
गेटमैन से पूछा आपात स्थिति में ट्रेन कैसे रोकेंगे
ढोढ़डीह-यूसुफपुर के बीच समपार संख्या 14-सी/2ई पर गेटमैन संजय सिंह से आपात स्थिति में ट्रेन रोकने की प्रक्रिया और संरक्षा ज्ञान की जानकारी ली गई। संतोषजनक जवाब पर डीआरएम ने उत्साहवर्धन के लिए ₹2000 पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं 25-सी और 8-सी/2ई समेत अन्य समपारों पर बूम, स्पीड ब्रेकर, सफाई और गेटमैन की संरक्षा व्यवस्था जांची गई। गौतम स्थान गुड्स शेड में माल की लोडिंग-अनलोडिंग, सुरक्षित रख-रखाव, प्रकाश और स्वच्छता व्यवस्था देखी गई। गाजीपुर घाट में निर्माणाधीन रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर आवासों का निर्माण मानकों के अनुरूप समय से पूरा कराने और कार्य पूर्ण होते ही कर्मचारियों को आवंटित करने के निर्देश दिए। गाजीपुर घाट स्टेशन पर ड्रेन पाइप में लीकेज मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित ट्रेन संचालन, संरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन और यात्रियों को स्वच्छ-सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें