नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गरीबों और दलितों की बस्तियों पर बुलडोजर चलाना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि रैयती एवं सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे मुसहर एवं अन्य गरीब परिवारों को वासगीत पर्चा, आवास तथा भूमि अधिकार दिया जाए। साथ ही भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जाए और गांव-टोलों तक पहुंच के लिए सड़क एवं पहुंचपथ का निर्माण कराया जाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुसहरी क्षेत्रों में बुलडोजर चलाने, जलनिकासी को प्रभावित करने वाले डूबाऊ गड्ढे खोदने तथा जननिकासी के लिए बने सरकारी बहा (नाला) को भरने जैसी कार्रवाइयों के लिए ताजपुर अंचलाधिकारी आरती कुमारी जिम्मेवार हैं। उन्होंने कहा कि ताजपुर में पूरी सड़क पर दबंगों का कब्जा है। दर्जनों एकड़ सरकारी जमीन पर भूमाफिया एवं दबंगों का कब्जा है। उसे खाली कराने का सीओ को हिम्मत नहीं है लेकिन मुसहरी पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। सभा में उपस्थित लोगों से आह्वान किया गया कि वे अपने अधिकारों की रक्षा और मांगों के समर्थन में 3 सितंबर को 11 बजे से समस्तीपुर शहर के सरकारी बस स्टैंड से निकलने वाले जुलूस एवं अनुमंडलाधिकारी कार्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
ताजपुर/समस्तीपुर, 2 सितंबर (संवाददाता) । मुसहर एवं अन्य दलित-गरीब बस्तियों पर बुलडोजर चलाने पर रोक लगाने, रैयती एवं सरकारी जमीन पर बसे गरीब परिवारों को वासगीत पर्चा और आवास उपलब्ध कराने, भूमिहीनों को वासभूमि देने तथा दलित-गरीब गांव-टोलों में पहुंचपथ की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 3 सितंबर को समस्तीपुर अनुमंडलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रखंड की विभिन्न मुसहरी बस्तियों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों से 3 सितंबर के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें