नेपाल बाढ़ : ऊपरी त्रिशूली-1 सुरंग से छह शव बरामद, करीब 6100 लोग अब भी लापता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 19 सितंबर 2026

नेपाल बाढ़ : ऊपरी त्रिशूली-1 सुरंग से छह शव बरामद, करीब 6100 लोग अब भी लापता

Nepal-flood-tunnel-recue
नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई भयावह बाढ़ से प्रभावित ऊपरी त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना की सुरंग से शुक्रवार को छह शव बरामद किये गए। नेपाली सेना ने यह जानकारी दी।नेपाल की भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ से अबतक 1,400 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि करीब 6,100 लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है। नेपाली सेना ने बताया कि सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने नुवाकोट जिले में ऊपरी त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना स्थल पर ऑडिट-3 टनल से शव बरामद किए। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटेन से भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया। 


इस आपदा में बृहस्पतिवार तक कम से कम 1,410 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 6,145 लोग लापता बताए गए हैं। खोज और बचाव दलों ने अब तक प्रभावित इलाकों से 13,756 से अधिक लोगों को बचाया है। नेपाल के सेना मुख्यालय ने बताया कि ऊपरी त्रिशूली-1 परियोजना की सुरंग में कंक्रीट के काम के लिए तैयार स्टील की जाली में शव फंसे हुए मिले। उन्हें निकालने के लिए टीम ने ग्राइंडर, गैस कटर और अन्य बचाव उपकरणों का इस्तेमाल किया। उसने बताया कि खोज अभियान जारी है क्योंकि बचाव कर्मियों को सुरंग के अंदर कीचड़ के नीचे और भी शव दबे होने की आशंका है। इससे पहले, विदेशी तकनीशियनों से युक्त एक संयुक्त टीम लापता कर्मचारियों की तलाश के लिए परियोजना की मुख्य प्रवेश सुरंग में करीब 400 मीटर अंदर तक पहुंचने में सफल हुई थी। नेपाली सेना ने बताया कि रसुवागढ़ी, रसुवा भोटेकोशी, लांगटांग, त्रिशूली-3ए और ऊपरी त्रिशूली-3बी समेत कई अन्य जलविद्युत परियोजनाओं में भी तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। चिलीमे जलविद्युत परियोजना की एक सुरंग से बुधवार को पांच शव बरामद किए गए। यह सफलता भारतीय और नेपाली बचाव दलों ने गाद और मलबे को हटाकर जमीन के नीचे बने बिजली केंद्र तक पहुंचने के बाद प्राप्त की। हालांकि, इस दौरान कोई जीवित नहीं मिला। इस बीच, मकावानपुर के जिला प्रशासन कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी संतोष सुबेदी ने जानकारी दी है कि हेटौडा को काठमांडू से जोड़ने वाले दो मुख्य सड़कों त्रिभुवन और कांति राजमार्ग पर शुक्रवार से दोनों तरफ से यातायात बहाल कर दिया गया। यह कदम धदिंग जिले में पृथ्वी राजमार्ग के कृष्णाभीर खंड पर यातायात को बहाल करने के बाद उठाया गया। ये मार्ग 26 अगस्त को आई बाढ़ के कारण बाधित हो गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं: