सीहोर : सात दिवसीय 'संकल्प पीढ़ी संवाद का हुआ शुभारंभ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 24 सितंबर 2026

सीहोर : सात दिवसीय 'संकल्प पीढ़ी संवाद का हुआ शुभारंभ

  • अनुभव की धरोहर भविष्य की राहें रोशन करती है : श्रीमती नमिता अखिलेश राय

Sankalp-pidhi-samvad
सीहोर। बुजुर्गों के अनुभवों की धरोहर आने वाली पीढ़ी के भविष्य की राहों को रोशन करती है। नई पीढ़ी को जीवन के अनुभव और संस्कार देने में वरिष्ठजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आने वाली पीढ़ी खुशहाल रहे, इसके लिए बुजुर्गों का मार्गदर्शन युवाओं और बच्चों को निरंतर मिलता रहना चाहिए। यह बात समाजसेवी श्रीमती नमिता अखिलेश राय ने गुरुवार को शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प वृद्धाश्रम में सात दिवसीय 'संकल्प पीढ़ी संवाद-अनुभव से भविष्य की ओरÓ कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में हर परिस्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए। बुजुर्गों के अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा के बीच संवाद से परिवार और समाज को नई दिशा मिल सकती है। पीढ़ियों के बीच संवाद केवल अनुभवों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदनाएं और जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है।


संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी श्रीमती नमिता अखिलेश राय, शहर के कोलीपुरा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर के संत माधव दास महाराज, श्रद्धा भक्ति सेवा समिति की ओर से राजेंद्र शर्मा बब्बल गुरु, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 के डीके राय तथा सनातन सेना के प्रदेश सचिव पवन केवट ने किया। इस दौरान संकल्प वृद्धाश्रम केंद्र के संचालक राहुल सिंह एवं संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने मंचासीन अतिथियों से विभिन्न विषयों को लेकर सवाल किए। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहजता से समाधान करते हुए उन्हें जीवन में अनुभव, संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर आनंद व्यास, बाबू सिंह, आकाश राय, कमलेश राय तथा सामाजिक न्याय विभाग की ओर से सावन सहित अन्य ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।


आज 'आपकी कहानी, हमारी सीख पर होगा संवाद

संकल्प वृद्धाश्रम के संचालक राहुल सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग जिला सीहोर और संकल्प वृद्धाश्रम सीहोर के तत्वावधान में भारत सरकार के आह्वान पर सात दिवसीय 'संकल्प पीढ़ी संवाद—अनुभव से भविष्य की ओरÓ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों एवं युवाओं के बीच संवाद, अपनापन, अनुभवों का आदान-प्रदान तथा पारिवारिक एवं सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 25 से 30 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां एवं संवाद आयोजित किए जाएंगे।


आगामी दिनों में यह रहेगा कार्यक्रम

25 सितंबर, शुक्रवार-आपकी कहानी, हमारी सीख

26 सितंबर, शनिवार-रंगों में रिश्ते

27 सितंबर, रविवार-सुरों और संस्कारों की शाम

28 सितंबर, सोमवार-साथ खेलें, साथ सीखें

29 सितंबर, मंगलवार-मिट्टी से थाली तक

30 सितंबर, बुधवार-कहानी से रिश्ते तक

कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्गों के अनुभवों को बच्चों और युवाओं तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: