वहीं दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बवेजा ने कहा कि त्योहारों से ठीक पहले इस फैसले से व्यापारियों में रोष है। बाजार में मांग पहले ही कमजोर है और शुल्क से सबसे ज्यादा परेशानी थोक कारोबारियों को होगी। बवेजा ने कहा, ‘‘पहले थोक व्यापारी आसानी से यूपीआई भुगतान करते थे, लेकिन अब बड़े भुगतान पर लगने वाले एमडीआर शुल्क से बचने के लिए उन्हें बैंक जाना पड़ सकता है।’’ एनपीसीआई ने 15 सितंबर को घोषित नई व्यवस्था के तहत 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यापारी यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लगाने का फैसला किया है। वहीं, 75,000 रुपये या उससे अधिक के लेनदेन पर यह शुल्क अधिकतम 300 रुपये होगा। हालांकि, 2,000 रुपये तक के व्यापारी लेनदेन और दो व्यक्तियों के बीच होने वाले यूपीआई भुगतान पर शुल्क नहीं लगेगा। खेल सामान के लिए मशहूर मेरठ के सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट के एक दुकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर ‘भाषा’ से कहा कि खेल सामान महंगे होने के कारण उसकी करीब 80 प्रतिशत बिक्री में 2,000 रुपये से अधिक का भुगतान होता है। उन्होंने कहा कि ग्राहक के पास नकदी नहीं होने पर दुकानदार को यूपीआई भुगतान स्वीकार करना ही पड़ेगा, क्योंकि मना करने पर ग्राहक दूसरी दुकान का रुख कर सकता है। ऐसे में शुल्क का भार दुकानदार को ही उठाना पड़ेगा और ग्राहक से अलग से शुल्क मांगना भी आसान नहीं होगा।
एनपीसीआई के अनुसार प्रति माह एक लाख रुपये तक पाने वाले छोटे व्यापारियों के लिए सभी लेनदेन पर अनिवार्य रूप से शून्य एमडीआर की सुविधा मिलेगी। इस संदर्भ में मेरठ के एक कपड़ा दुकान के संचालक शिवम शर्मा ने कहा कि कपड़ों की खरीदारी में 2,000 रुपये से अधिक का भुगतान आम बात है और त्योहारों एवं शादी के मौसम में एक ग्राहक की खरीदारी कई हजार रुपये तक पहुंच जाती है। शर्मा ने कहा, ‘‘ग्राहक अब बड़ी रकम का भुगतान भी यूपीआई से करना पसंद करते हैं। कपड़ों के कारोबार में मार्जिन भी बहुत अधिक नहीं होता है। ऐसे में इस शुल्क का असर हमारे मुनाफे पर पड़ सकता है।’’ कारोबारियों को आशंका है कि इस शुल्क के आने से एक बार फिर नकद लेनदेन बढ़ सकता है। दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-7 के ड्रायफ्रूट विक्रेता सागर खुराना ने कहा, "पहले ‘डिजिटल इंडिया’ के तहत यूपीआई को बढ़ावा दिया गया और अब शुल्क लगाया जा रहा है, जिससे कारोबारियों को नकदी की ओर लौटना पड़ सकता है।" कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि यूपीआई पर कोई भी एमडीआर भारत में बिना किसी रुकावट के चल रही मोबाइल भुगतान व्यवस्था को खासा प्रभावित कर सकता है। चिल्ला गांव में किराने की दुकान चलाने वाले नितिन चौधरी ने कहा, ‘‘यूपीआई से भुगतान की आदत पड़ जाने के कारण अब बहुत कम लोग नकदी लेकर निकलते हैं। ऐसे में यह शुल्क दुकानदारों तथा ग्राहकों दोनों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।’’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें