- विवेक-विहार, बारह पत्थर, सरोजनी गली, आदर्शनगर, आजादनगर, काशीपुर, सोनवर्षा समेत दर्जनों मुहल्लों में जलजमाव, योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप

समस्तीपुर, 18 सितंबर । शुक्रवार की रात्रि करीब आधे घंटे की बारिश ने एक बार फिर समस्तीपुर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद विवेक विहार, बारह पत्थर, सरोजनी गली, आदर्शनगर, आजादनगर, काशीपुर, सोनवर्षा सहित दर्जनों मुहल्ले जलप्लावित हो गए। सड़कों, गलियों और रिहायशी इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने शहर में उत्पन्न जलजमाव की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जलनिकासी के लिए सड़क, नाला एवं पुलिया निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसका लाभ आम लोगों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं में लूट और भ्रष्टाचार के कारण नालों की समुचित सफाई नहीं हुई तथा जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है, जिसके परिणामस्वरूप थोड़ी सी बारिश में ही शहर पानी-पानी हो जाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन की लापरवाही और विकास योजनाओं में अनियमितताओं के कारण हर वर्ष शहरवासियों को जलजमाव की समस्या झेलनी पड़ती है। श्री सिंह ने इस स्थिति के लिए मेयर, उपमेयर, नगर आयुक्त, संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) तथा वार्ड पार्षदों को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने नगर निगम से तत्काल प्रभाव से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की सफाई कराने तथा शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें