वाराणसी : काशी से मथुरा पहुंचा कान्हा के लिए बाबा का नेह-उपहार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 2 सितंबर 2026

वाराणसी : काशी से मथुरा पहुंचा कान्हा के लिए बाबा का नेह-उपहार

  • विश्वनाथ के आंगन से लड्डू गोपाल को भेंट, 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों के शुभकामना संदेश भी भेजे गए

Baba-vishwanath-gift-to-kanha
वाराणसी (सुरेश गांधी). काशी के बाबा विश्वनाथ के आंगन से मथुरा के लड्डू गोपाल के लिए एक बार फिर प्रेम, आस्था और सनातन एकात्मता का संदेश रवाना हुआ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान मथुरा स्थित श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष भेंट एवं उपहार सामग्री विधि-विधानपूर्वक पूजित कर श्रद्धा के साथ प्रेषित की गई। काशी और मथुरा के बीच शुरू हुई यह अनूठी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा अब सनातन संस्कृति के दो प्रमुख तीर्थों को भावनात्मक सूत्र में पिरोने लगी है। 4 सितंबर को मनाए जाने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव से पहले बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान हुआ। लड्डू गोपाल के लिए तैयार भेंट सामग्री को बाबा विश्वनाथ के समक्ष विधिवत पूजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच सामग्री भगवान श्री विश्वेश्वर को समर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद इसे श्रद्धापूर्वक श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा के लिए रवाना किया गया। मंदिर न्यास के अधिकारी और कार्मिक इस भावपूर्ण आयोजन के साक्षी बने।


2024 में जली थी श्रद्धा की यह ज्योति

Baba-vishwanath-gift-to-kanha
काशी और मथुरा के बीच भेंट और शुभकामना के इस आध्यात्मिक संवाद की शुरुआत वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हुई थी। तब श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर से भगवान श्री विश्वेश्वर की ओर से श्रीकृष्ण जन्मस्थान में विराजमान लड्डू गोपाल के लिए उपहार भेजा गया था। इसके बाद रंगभरी एकादशी पर भी दोनों तीर्थों के बीच भेंट और श्रद्धा संदेशों का आदान-प्रदान हुआ। इस पहल का उद्देश्य देश के प्रमुख मंदिरों और तीर्थों के बीच आध्यात्मिक संवाद, सांस्कृतिक समन्वय और पारस्परिक श्रद्धा को नई ऊंचाई देना है।


15 देशों से आए 100 से अधिक संदेश

इस वर्ष इस पहल को और व्यापक स्वरूप दिया गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने संस्थागत नॉलेज पार्टनर टेम्पल कनेक्ट के सहयोग से देश-विदेश के देवालयों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुभकामना संदेश भेजने के लिए जोड़ा। अब तक करीब 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों से शुभकामना संदेश प्राप्त हो चुके हैं। इन संदेशों को भी लड्डू गोपाल के लिए भेजी जा रही भेंट सामग्री के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थल न्यास को सौंपा जा रहा है। यह पहल मानो सीमाओं से परे सनातन आस्था की एक ऐसी कड़ी है, जिसमें अलग-अलग भूभागों में विराजमान देवालय एक-दूसरे के पर्व में सहभागी बन रहे हैं। वर्ष 2024 में शुरू हुई इस परंपरा को देश-विदेश के मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं से मिल रही सराहना ने इसके विस्तार की राह और प्रशस्त की है।


शिव-कृष्ण भक्ति के सेतु पर एकात्मता का संदेश

काशी में बाबा विश्वनाथ और मथुरा में श्रीकृष्ण—दोनों सनातन चेतना के ऐसे आराध्य हैं, जिनकी भक्ति भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को गहराई और विस्तार देती है। एक ओर शिव की नगरी काशी, दूसरी ओर कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा। दोनों के बीच उपहार और शुभकामनाओं का यह सिलसिला केवल धार्मिक औपचारिकता नहीं, बल्कि सहभक्ति और सनातन एकात्मता का जीवंत संदेश बन रहा है। मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया अधिकारियों और कार्मिकों को इस प्रकार के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनहितकारी नवाचारों को निरंतर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराओं की श्रृंखला भविष्य में भी निर्बाध रूप से जारी रहनी चाहिए और इन्हें स्थायी स्वरूप देने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए। उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धता जताई।


मथुरा में स्वयं शामिल होंगे सीईओ

इस आध्यात्मिक रिश्ते को और मजबूती देने के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी स्वयं मथुरा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर काशी की ओर से पहुंची भेंट और शुभकामना संदेशों के साथ यह सहभागिता दोनों तीर्थों के बीच स्थापित हो रहे सांस्कृतिक संवाद को नया आयाम देगी। काशी से निकली यह भेंट इसलिए भी खास है कि इसमें वस्तुओं से कहीं अधिक भावनाएं यात्रा कर रही हैं। बाबा विश्वनाथ के धाम से लड्डू गोपाल की जन्मभूमि तक पहुंचता यह उपहार उस सनातन भाव का प्रतीक है, जिसमें देवालय अलग हो सकते हैं, आराध्य के स्वरूप अलग हो सकते हैं, लेकिन श्रद्धा का हृदय एक ही रहता है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देशवासियों और सनातन श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण और बाबा विश्वनाथ से समस्त विश्व के कल्याण, सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की है।

कोई टिप्पणी नहीं: