फ्लाईदुबई कॉकपिट हमला में सह-पायलट की पहचान ओमानी नागरिक के रूप में हुई - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

फ्लाईदुबई कॉकपिट हमला में सह-पायलट की पहचान ओमानी नागरिक के रूप में हुई

Flight-dubai-co-piolet-oman-citizen
दुबई से तेल अवीव जाने वाली उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश करने वाले सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई है। अमेरिकी मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई। खबर के अनुसार, 'फ्लाईदुबई' के इस सह-पायलट ने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया था। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया कि अल-हम्मामी की कट्टरपंथी विचारधारा के कारण पूर्व में ओमान के अधिकारियों ने उसके विमान उड़ाने पर रोक लगा दी थी।फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में अल-हम्मामी ने कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मच्छार ने उसका मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिसके बाद यात्रियों ने हमलावर को काबू कर लिया।  विमान में 174 यात्री सवार थे। विमान ने आपात संकेत भेजे थे और इसके बाद वह 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसे सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया, जहां अधिकारियों ने अल-हम्मामी को हिरासत में ले लिया। अखबार की खबर के अनुसार, कथित हमलावर ओमानी नागरिक हमाम अल-हम्मामी है। उसके पिता ओमानी और मां सीरियाई हैं। कैप्टन मच्छार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की और हमले के बाद के भयावह क्षणों के बारे में बताया। मच्छार ने कहा कि वह अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे लेकिन उन्होंने दूसरों की भी जान बचाने की ठान ली थी। उन्होंने यह नहीं बताया कि हमले की वजह क्या थी या सह-पायलट ने ऐसा क्यों किया। संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में इलाज करा रहे मच्छार की प्रशंसा करते हुए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें ‘‘सच्चा नायक’’ बताया।

कोई टिप्पणी नहीं: